• सीबीआई ने सुशांत के दोस्त, हेल्पर और कुक से पूछताछ की, वॉटर स्टोन रिसॉर्ट में भी स्टाफ से सवाल किए
  • रिया से पूछताछ के लिए कल समन भेज सकती है सीबीआई, परिवार को सदस्यों को भी बुलाया जा सकता है

मुंबई। सुशांत केस में सीबीआई ने लगातार तीसरे दिन सोमवार को एक्टर के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी, हेल्पर दीपेश और कुक नीरज सिंह से पूछताछ की। इसके अलावा सुशांत के सीए रजत मेवाती से भी सवाल-जवाब किए। सीबीआई की टीम वॉटर स्टोन रिसॉर्ट भी गई और वहां स्टाफ का बयान लिया। इस होटल में डिप्रेशन के वक्त सुशांत रुके थे।

कूपर अस्पताल ने सप्लीमेंट्री रिपोर्ट जारी की, मौत का वक्त बताया
इसके अलावा एक टीम कूपर अस्पताल भी गई, जहां सुशांत की ऑटोप्सी की गई थी। टीम ने ऑटोप्सी करने वाले डॉक्टरों से सवाल किया और पूछा कि इस रिपोर्ट में मौत का समय क्यों नहीं था? कूपर अस्पताल में 15 जून को सुशांत की ऑटोप्सी की गई थी। हालांकि, आज ही अस्पताल ने सप्लीमेंट्री पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जारी की, इसमें मौत का वक्त पोस्टमॉर्टम से 10-12 घंटे पहले का बताया गया है।

एम्स फॉरेंसिक डिपार्टमेंट ऑटोप्सी से जुड़े वीडियो का एनालिसिस करेगा
एम्स का फॉरेंसिक डिपार्टमेंट ने 5 लोगों की एक टीम बनाई है, जो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की स्टडी करेगी। इसके अलावा ऑटोप्सी रिपोर्ट से जुड़े वीडियो भी सीबीआई की टीम ने सौंपे हैं। इनकी भी जांच की जाएगी। टीम यह जांचेगी कि कहीं सुशांत का मर्डर तो नहीं किया गया है।

रिया और उसकी फैमिली से जल्द पूछताछ संभव

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच कर रही सीबीआई रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के सदस्यों से कभी भी पूछताछ कर सकती है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी जल्द ही रिया को समन भेज सकती है। उधर, सुशांत के पिता के वकील विकास सिंह ने कहा, “सीबीआई अपना होमवर्क पूरा करने के बाद रिया से सवाल-जवाब शुरू करेगी। रिया अगर जांच में सहयोग नहीं करेगी तो उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।”

सीबीआई की टीम ने सुशांत के फ्लैट मालिक संजय लालवानी से रविवार को पूछताछ की थी। उनसे एक बार फिर पूछताछ की जा सकती है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *