बैतूल। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री फैज अहमद किदवई द्वारा बुधवार15 जुलाई को जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण किया गया। श्री किदवई द्वारा जिला चिकित्सालय, डेडिकेटे्ड कोविड हेल्थ सेंटर बैतूल (डीसीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी, शाहपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बैतूल बाजार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उनके साथ घोडाडोंगरी में कलेक्टर श्री राकेश सिंह भी उपस्थित रहे।
श्री किदवई द्वारा कोविड-19 बीमारी के संबंध में दिये जा रहे उपचार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उनके द्वारा जिला चिकित्सालय में सीएमएचओ डॉ. प्रदीप धाकड़ एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक बारंगा से किल कोरोना अभियान के सर्वे की जानकारी ली गई। डीसीएचसी में भर्ती कोविड-19 मरीजों की जानकारी डॉ. प्रमोद मालवीय से आपातकालीन उपचार में मिल रही सुविधा की जानकारी ली। डीसीएचसी में भर्ती मरीजों की केस शीट एवं ट्रीटमेंट पार्ट का अवलोकन कर सी.टी. स्केन एवं पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की जानकारी ली। डी.सी.एच.सी. में मरीजों को प्रदाय किये जाने वाले भोजन में डाईट प्लान का पालन, स्टाफ ड्यूटी, कोविड मरीजों की रेफरल संख्या की जानकारी ली गई।
फीवर फ्लू क्लीनिक में ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सक से अब तक के रिकार्ड एवं की जा रही सेंपलिंग की जानकारी ली। सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुये टेलीमेडिसीन सेंटर का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिये गये। वर्तमान में की जा रही शल्य चिकित्सा की जानकारी ली गई तथा सी-सेक्शन एवं आई ऑपरेशन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये गये। ओपीडी पर्ची काउंटर में साफ्टवेयर के माध्यम से संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुये औषधि वितरण कक्ष का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने फार्मासिस्ट से चर्चा कर उपलब्ध दवाइयों, स्टॉक रजिस्टर एवं दवाइयों की वितरण स्थिति का जायजा लिया गया।
श्री किदवई द्वारा पैथोलॉजी का अवलोकन किया गया एवं यहां जांच करा रहे मरीजों से चर्चा की गई। उन्होंने जून माह में 22 हजार से अधिक टेस्ट किये जाने पर कार्य की सराहना की गई। बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन का अवलोकन किया गया। सेन्ट्रल ऑक्सीजन सिस्टम का अवलोकन किया गया। ब्लड बैंक का निरीक्षण कर यूनिट द्वारा किये जा रहे रक्त संग्रहण की कार्ययोजना के बारे में जानकारी लेकर किये जा रहे कार्य की सराहना की गई। इस दौरान श्री किदवई द्वारा चिकित्सालय के वार्डों का भी निरीक्षण किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *