बैतूल/ सारनी। मध्यप्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लागू किए जाने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ (MPWJU) ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में, संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देशानुसार एवं प्रांतीय आह्वान पर आंदोलन के प्रथम चरण में आगामी 01 दिसंबर 2026 को बैतूल जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय के पास एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संघ की बैतूल जिला इकाई के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धरने के उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपा जाएगा।
जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह ने बैतूल जिले के समस्त ब्लॉक एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों सहित सभी पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण की इस निर्णायक लड़ाई में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।