बैतूल। जिला सेवा भारती द्वारा संचालित आनंदधाम में सेवा भारती परिवार बैतूल का दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज जागरण, संस्कार निर्माण और सेवा गतिविधियों को लेकर वक्ताओं ने विचार रखे।
जिला अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने कहा कि सेवा भारती जरूरतमंद, वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से कार्य कर रही है। विभाग सह सेवा प्रमुख अभिषेक खंडेलवाल ने हिंदू समाज से जागरूक एवं सजग रहने का आह्वान किया। नगर सेवा भारती प्रमुख गजेंद्र पवार ने संगठन की भूमिका और सेवा कार्यों की महत्ता पर विचार रखे।
जिला सचिव डॉ. अरुण जयसिंहपुरे ने वृद्धाश्रम, मातृछाया बाल सेवा प्रकल्प, कन्या पूजन और स्वास्थ्य शिविर सहित संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। आनंदधाम अध्यक्ष अजय भार्गव ने संस्था एवं संस्कार केंद्रों को सहयोग देने वाले दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक बुधपाल ककोडिया, जिला कार्यवाहक ज्ञानदेव अहाके, जिला सेवा प्रमुख शिवराज झाड़े, सेवा भारती के विभाग अधिकारी शिवप्रताप लोधी, समिति सदस्य, शहर के गणमान्य नागरिक, संस्कार केंद्रों की संचालिका दीदियां, दानदाता, पालक एवं सृजन शक्ति के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।