- पाथाखेड़ा क्षेत्रीय अस्पताल में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ की पहल, रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचाने का लिया संकल्प
पाथाखेड़ा। भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ के तत्वावधान में बुधवार, 14 अक्टूबर को दत्तोपंत ठेंगड़ी की स्मृति में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के पाथाखेड़ा क्षेत्रीय एरिया अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में भारतीय मजदूर संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए लगभग 74 यूनिट रक्तदान किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डब्ल्यूसीएल पाथाखेड़ा के क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक राज कपूर प्रसाद, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे,मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष रजीत सिंह, भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान तथा क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद सिंह ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। शिविर में रक्तदाताओं ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की कमी के कारण जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे मरीजों के लिए रक्तदाता जीवनरक्षक साबित होते हैं। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी क्षमता और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष रजीत सिंह ने कहा कि भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल करता रहा है। दत्तोपंत ठेंगड़ी की स्मृति में 74 यूनिट रक्त एकत्रित करना मानव सेवा की दिशा में सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं। भारतीय मजदूर संघ बीएमएस यूनियन के
क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की सहायता करना संगठन की सकारात्मक सोच का हिस्सा है।क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद सिंह ने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों,डब्ल्यूसीएल के एरिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी,यूनियन पदाधिकारियों,रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।शिविर के माध्यम से संगठन ने संदेश दिया कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं,बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का मानवीय संकल्प भी है।