- डीजे की आवाज और समय सीमा पर प्रशासन सख्त,20 और 21 अक्टूबर को होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांति,सद्भाव और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील
सारनी। आगामी नवदुर्गा एवं दशहरा उत्सव को शांतिपूर्ण,सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सारनी थाना परिसर में शनिवार को संपूर्ण नगर पालिका शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों,पुलिस, जनप्रतिनिधियों,दुर्गा उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों, डीजे संचालकों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर त्योहारों की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान गरबा,रामलीला,पंडालों की व्यवस्था,प्रतिमाओं के विसर्जन,रावण दहन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव लिए गए।बैठक में शाहपुर एसडीएम प्रपंच आर ने स्पष्ट किया कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई,झांकियों,पंडालों की स्थिति और बड़ी प्रतिमाओं की संख्या की जानकारी लेते हुए आयोजन समितियों से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन 20 एवं 21 अक्टूबर को किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।दशहरा उत्सव के दौरान इस बार तीन स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। बैठक में गरबा, रामलीला और अन्य बड़े आयोजनों को लेकर समिति प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे। प्रशासन ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों और मुख्य मार्गों से दूर सुरक्षित स्थानों पर आयोजन करने पर जोर दिया गया। सारनी एसडीओपी प्रियंका करचाम एवं थाना प्रभारी जयपाल इवनाती ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान नशे की हालत में वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान अनुशासन बनाए रखने, ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने की बात कही गई।
सारनी थाना प्रभारी श्री इवनाती ने कहा कि आगामी त्योहारों को भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाए। सभी आयोजन समितियां और नागरिक पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें,ताकि उत्सव शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें। सारनी थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक में मुख्य रूप से शाहपुर एसडीएम प्रपंच आर, एसडीओपी प्रियंका करचाम,थाना प्रभारी जयपाल इवनाती,सारनी नायब तहसीलदार अजहर खान, पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी मनोज कुमार,नगर पालिका स्वास्थ्य निरीक्षक केके भावसार,अंजुमन कमेटी सचिव अब्दुल रहमान खान,आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सोनी, विधायक प्रतिनिधि जीपी सिंह,मंडल महामंत्री विनय मदने, मोहम्मद ताहिर सहित जनप्रतिनिधि,डीजे संचालक,दुर्गा उत्सव समितियों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद लोगों ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।