Broadcast graphic title, News Update, 3D rendering

बैतूल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन प्रदेश के सभी विद्यालयों में 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम k तहत विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं जन-सामान्य की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की संकल्पना” विषय पर विद्यालय, संकुल एवं विकासखण्ड स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 19 सितम्बर 2026, संकुल स्तर की 22 सितम्बर 2026 तथा विकासखण्ड स्तर की प्रतियोगिता 24 सितम्बर 2026 को आयोजित होगी। जिला स्तर की प्रतियोगिताओं की तिथि 25 से 30 सितम्बर 2026 के मध्य सुविधानुसार निर्धारित की जाएगी। प्रतियोगिताएं पूर्ण होने के पश्चात विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
बच्चों की चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत के सपने को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उत्कृष्ट चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतियोगिताओं में अभिभावक, जन-प्रतिनिधि एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदर्शनी की फोटो एवं वीडियो सहित डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3-3 विजेताओं का चयन कर उन्हें अगले उच्च स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की तिथि एवं विस्तृत कार्ययोजना पृथक से जारी की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में जन-जागरूकता एवं सेवा भावना से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति, योग एवं ध्यान, यातायात सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों को शामिल किया गया है।
जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्तर पर प्राचार्य/प्रभारी प्राचार्य, विकासखण्ड स्तर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी तथा जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा भी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को अभियान के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी विद्यालयों से अपील की गई है कि “सेवा संकल्प अभियान” को विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, रचनात्मकता और जनभागीदारी के साथ सफल बनाते हुए विकसित भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *