- कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
बैतूल। कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में देहगुड निवासी संतुलाल बोरबन ने आदेश होने के बाद भी नामांतरण नहीं किए जाने संबंधी शिकायत की। आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुन कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी भैंसदेही और आठनेर तहसीलदार को तत्काल जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए। आमला निवासी महेश के सीमांकन संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने तहसीलदार आमला को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री गणेश जायसवाल ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
अवैध कब्जा पाए जाने पर हटाने के निर्देश
जनसुनवाई में डहुआ निवासी रामकुंवर कवड़े ने जमीन का कब्जा दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया।प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने मुलताई एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम पाढर निवासी आशा राठौर ने पट्टा प्रदाय किए जाने संबंधी आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को जांच कर आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही नामांतरण निरस्त किए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भीमपुर तहसील के ग्राम नांदा निवासी रामसिंग दहिकर ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना 347 वीं बैतूल-खंडवा मार्ग के पटवारी द्वारा सही रिपोर्ट का सत्यापन कर वास्तविक कृषक के खाते में मुआवजे की राशि डलवाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने भैंसदेही एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण कराए जाने के निर्देश दिए।