- अगले साल 7 राज्यों में चुनाव, इनमें 22% वोटर जेन-जी, यूपी में सबसे ज्यादा
वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी से 25 मिनट संवाद किया। मंच पर पहुंचते ही क्वीन का मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजा।
पीएम ने कहा, ‘लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़े रहना।” मोदी का यह बयान राहुल गांधी और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर तंज माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए खास तौर पर Y आकार का रैंप बनाया गया था। भाषण से पहले PM रैंप पर चलकर युवाओं के बीच पहुंचे।
इस कार्यक्रम के लिए 6 हजार युवाओं को बुलाया गया था। मोदी ने युवाओं से झूठे दावों और भ्रामक बातों से बचने की अपील की।
जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के बाद बीजेपी का पूरा फोकस जेन-जी वोटर्स पर है। दरअसल, अगले साल 7 राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। इनमें 22.78% वोटर जेन-जी हैं। यूपी में सबसे ज्यादा 2.8 करोड़ जेन-जी वोटर हैं। इसलिए सभी पार्टियां उन्हें साधने में लगी हैं।
जंतर-मंतर के बाद मोदी और जेन-जी: पूरी टाइमलाइन
23 जुलाई: पहला सेल्फी वीडियो- मोदी ने पहली बार फ्रंट कैमरे से सीधे युवाओं को संबोधित करते हुए वीडियो पोस्ट किया। करीब 3 मिनट के वीडियो में पेपर लीक को गंभीर समस्या बताया।
24 जुलाई: दूसरा सेल्फी वीडियो- अगले दिन मोदी फिर सेल्फी वीडियो में नजर आए। उन्होंने युवाओं को पिछले वीडियो पर प्रतिक्रिया और सुझाव देने के लिए धन्यवाद दिया।
31 जुलाई: फिर इंस्टाग्राम/रील्स वाला अंदाज- मोदी ने एक वर्टिकल वीडियो में ‘हाए फ्रेंड्स’ कहकर युवाओं से अनौपचारिक अंदाज में संवाद किया।
20 अगस्त: मंत्रियों को सीधे युवाओं के बीच जाने का निर्देश- मोदी ने मंत्रियों से विश्वविद्यालयों में छात्रों के साथ एक दिन बिताने और सरकारी स्कूलों का दौरा करने को कहा।
26 अगस्त: असर का डेटा सामने आया- डेटा बीइंग्स के एनालिसिस के मुताबिक 20 जुलाई के बाद मोदी की प्रति इंस्टाग्राम पोस्ट औसत एंगेजमेंट 1.19 करोड़ से बढ़कर 4.63 करोड़ हुआ।
5 सितंबरः SRCC के शताब्दी समारोह में जेन-जी अंदाज- ‘OG’ और ‘Flex’ जैसे युवाओं के बीच लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल कर नई पीढ़ी से जुड़ने की कोशिश की।
देश में हर चौथा वोटर जेन-जी
चुनाव आयोग के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान देश के कुल मतदाताओं में 18-29 साल के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी। यानी लगभग हर 4 में से एक वोटर जेन-जी है।