सारनी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के आदेशानुसार एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर मेगा ड्राइव के अंतर्गत विकासखंड बैतूल के चिन्हित ग्राम जसोदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 8 सितंबर को ग्राम जसोदी में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दस्तावेजीकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल दिनेश चंद्र थपलियाल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं वरिष्ठ न्यायाधीश श्रीमती शर्मिला बिलवार एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी मिथिलेश डेहरिया के समन्वय से ग्राम जसोदी में ग्रामीणों के लिए आधार एवं किसान पहचान पत्र से संबंधित शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज एवं पहचान संबंधी सुविधाओं की जानकारी देने के साथ ही दस्तावेजों को सही एवं व्यवस्थित रखने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय एवं आंगनवाड़ी स्तर पर भी ग्रामीणों को मेगा ड्राइव के उद्देश्यों एवं उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया। मेगा ड्राइव के माध्यम से ग्राम जसोदी में शासन की योजनाओं, विधिक सेवाओं एवं जनकल्याणकारी सुविधाओं की पहुंच ग्रामीणों तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए ग्राम के समग्र एवं सतत विकास को गति देना है।
इसी क्रम में गैर सरकारी संगठन ग्राम भारती महिला मंडल के समन्वय से ग्राम जसोदी में महिलाओं एवं किशोरियों के लिए शारीरिक स्वच्छता एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं एवं किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित स्वच्छता व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान संस्था ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया। ग्राम जसोदी के माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को भी सेनेटरी पैड वितरित कर उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने ग्राम की महिलाओं से संवाद कर गांव में संचालित स्व-सहायता समूहों की संख्या, समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य में समूहों के माध्यम से किए जाने वाले संभावित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर सहयोग एवं आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। महिलाओं की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ग्राम के विकास को और अधिक गति दी जा सकती है। कार्यक्रम में पीएलवी अमित सक्सेना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल, सरपंच हंसराज मर्सकोले, सचिव रामकिशोर खाकरे एवं पटवारी प्रियंका पाटिल सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम भारती महिला मंडल के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।