सारनी। ग्राम भारती महिला मंडल परिसर में मंगलवार को श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में सुंदरकांड पाठ एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया।
इस अवसर पर शक्ति सदन में निवासरत महिलाओं एवं बच्चों, स्थानीय श्रद्धालुओं तथा संस्था के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सुंदरकांड पाठ एवं भक्तिमय भजनों से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक रूप से भगवान का स्मरण किया। पूजा-अर्चना एवं सुंदरकांड पाठ के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया और कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।