• प्रधानमंत्री ने सुशासन, स्वावलंबन व स्वदेशी के संकल्प को साकार किया -डॉ. महेन्द्र सिंह
  • विकसित भारत का सपना पूरा करने हर घर तक पहुंचाएं भाजपा सरकार के कार्य – अजय जामवाल

ओरछा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पार्टी के राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को श्रीराम राजा सरकार की पावन धरा ओरछा में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान राजनीतिक प्रस्ताव पारित हुआ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा महापुरुषों के त्याग, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से निर्मित हुई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के राष्ट्र एकता के संकल्प और कुशाभाऊ ठाकरे जी के संगठन एवं कार्यकर्ता निर्माण के विचार आज भी भाजपा को दिशा दे रहे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के आजाद होने के बाद जिस भारत की संकल्पना की थी उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा किया है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों को कार्यकर्ता जन-जन तक, हर घर तक पहुंचाने का कार्य करें। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की सरकार प्रधानमंत्री के विकास और जनकल्याण के संकल्पों को धरातल पर उतारते हुए किसान, गरीब और आमजन के हित में निरंतर कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बना है। आर्थिक विकास के साथ डिजिटल, आधारभूत संरचना और रक्षा क्षेत्र में भी देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ के सभी कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ता सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं। कार्यक्रमों में सभी समाजों की सक्रिय भागीदारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास, अधिकारों और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने निरंतर कार्य किया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी व सांसद श्री तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शन करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत मांगने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को देने वाला राष्ट्र बन गया है।
भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, विचार, संस्कार, सेवा व राष्ट्र निर्माण की यात्रा – श्री हेमंत खण्डेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा और संगठन की मजबूत नींव उन महान राष्ट्रनायकों और महापुरुषों के विचारों से निर्मित हुई है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने हमें एकात्म मानववाद और अंत्योदय का मार्ग दिखाया, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष करते हुए देशहित का संकल्प दिया तथा मध्यप्रदेश की माटी के सपूत कुशाभाऊ ठाकरे जी ने संगठन, अनुशासन, कार्यकर्ता निर्माण, सेवा और समर्पण की ऐसी परंपरा स्थापित की, जो आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। हमारे संगठन की शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की शक्ति हमारी विचारधारा है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है।
सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा सेवा संकल्प अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन वर्षों में उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा दी तथा अनुशासन, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया है। गुजरात से प्रारंभ हुई उनकी जनसेवा की यात्रा आज पूरे देश के लिए प्रेरणा बनी है। जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत व्यापक जनसंपर्क एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही है। यह अभियान सेवा, संवेदनशीलता और अनुशासन को सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प है, जिसके माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, युवा विकास और सामाजिक कल्याण सहित सभी क्षेत्रों में निरंतर बेहतर कार्य कर रही है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास को प्राथमिकता दे रही है। भाजपा के विभिन्न मोर्चे भी समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच निरंतर सक्रिय हैं। जनजाति मोर्चा जनजातीय समाज के गौरव, संस्कृति और विकास के लिए, महिला मोर्चा महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए, युवा मोर्चा युवाओं को बेहतर भविष्य और विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने के लिए तथा किसान मोर्चा किसान कल्याण, प्राकृतिक खेती और कृषि विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि 24 घंटे, 365 दिन समाज के बीच रहकर सेवा करता है और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करता है। मध्यप्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण स्थान देने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ समाज के बीच सक्रिय रहकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सेवा यात्रा से प्रेरणा लें और सेवा को संकल्प, संगठन को शक्ति तथा राष्ट्र निर्माण को अपना सर्वाेच्च लक्ष्य बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वर्ष 2047 भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की संकल्पना को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा रामराजा सरकार की नगरी ओरछा से देश और मध्यप्रदेश में रामराज्य लाने और वर्ष 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ विश्व गुरू बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाला समय भाजपा का है, इसलिए भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं। पार्टी कार्यकर्ता संगठन के कार्यों को बूथ तक पहुंचाने और भाजपा सरकर के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। भाजपा के पास जनप्रतिनिधियों की इतनी बड़ी शक्ति है कि सभी कार्यकर्ता जिस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास करें, उसमें 100 प्रतिशत सफलता मिलना तय है। प्रधानमंत्री जी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत का वैभव वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है। भगवान श्री राम ने संगठन की शक्ति से समुद्र में सेतु बनाकर लंका पर विजय प्राप्त की थी, उसी तरह हमें अपनी संगठन शक्ति से रामराजा सरकार की नगरी ओरछा से मध्यप्रदेश और देश में रामराज्य लाने का संकल्प लेकर संगठन की मजबूती में जुटना है।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्याप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन एवं प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। संगठन के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर भाजपा को समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन संघर्ष, विचारधारा, कार्यकर्ताओं के त्याग एवं बलिदान के आधार पर आज यहां तक पहुंचा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार 140 करोड़ देशवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है और वैश्विक स्तर पर देश का प्रभाव लगातार बढ़ा है। युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा व्यापार में नवाचार और तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्टार्टअप इंडिया जैसी पहल को गति दी, जिसके परिणामस्वरूप आज देश में बड़ी संख्या में स्टार्टअप नए रोजगार और अवसर पैदा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत फिर बनेगा विश्व का मार्गदर्शक – श्री तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी व सांसद श्री तरुण चुघ ने कहा कि भारत कभी दुनिया का मार्गदर्शन करने वाला देश था और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शन करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत की आर्थिक और सामरिक शक्ति के साथ उसकी वैश्विक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है और दुनिया के अनेक देश भारत की ओर उम्मीद और विश्वास के साथ देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और उनकी नीतियों का परिणाम है कि पूरे विश्व में भारत की चमक दिखाई दे रही है।
उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, श्रीमती सावत्री ठाकुर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, वरिष्ठ नेता कप्तान सिंह सोलंकी, संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री व सांसद श्रीमती लता वानखेडे ने किया।
नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का किया गया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्य्क्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का आत्मीय एवं गरिमापूर्ण सम्मान किया। बैठक के पश्चात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। तत्पश्चात सभी अतिथियों व प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों ने रामराजा सरकार के दर्शन किए। बैठक में शोक प्रस्ताव रखा गया, जिसके पश्चात सभी ने दो मिनट मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *