• बोले-रामराजा लोक के निर्माण से पर्यटन बढ़ेगा
  • ओरछा में बुंदेला राजाओं की समृद्ध विरासत

निवाड़ी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आज दूसरा दिन है। इस बीच निवाड़ी के ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रामराजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने रामराजा लोक में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान CM ने ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण और प्राचीन निर्माण शैली को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने जहांगीर महल का नाम बदलकर ‘वीर सिंह महल’ करने के संकेत भी दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल थे।
निर्माण कार्यों का जायजा लिया
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने रामराजा लोक में चल रहे विकास कार्यों का निरिक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश को परियोजना और चल रहे कामों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा की पुरानी इमारतें बुंदेला राजाओं की समृद्ध विरासत हैं। इनका मूल स्वरूप बनाए रखने के लिए पुराने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री का ही उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुशल कारीगर काम कर रहे हैं।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने ओरछा में रामराजा लोक का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां विकास के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों का विकास किया जाएगा। ओरछा, चित्रकूट, पशुपतिनाथ और मंदसौर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा में भव्य श्री रामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
चूने से निर्माण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने समय में बने भवनों की निर्माण शैली का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने सीमेंट के बजाय चूने से दीवारें बनाने पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुराने भवन गर्मी में ठंडे और सर्दी में गर्म रहते हैं। इनमें उस समय की निर्माण तकनीक का इस्तेमाल हुआ था। सरकार इसी तकनीक को समझकर आगे काम करेगी। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक जहांगीर महल का नाम बदलकर ‘वीर सिंह महल’ किए जाने की बात कही।
राम से जुड़े स्थानों के विकास की बात
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के मध्यप्रदेश से जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्ष के वनवास में से 12 वर्ष मध्यप्रदेश में गुजारे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राम से जुड़े ऐसे सभी स्थानों को विकसित करने की दिशा में सरकार काम करेगी। ओरछा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी इसी दिशा में विकसित किया जा रहा है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *