• खंड स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को उप तहसील बोरदेही में आयोजित खंड स्तरीय समीक्षा बैठक में आमला में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं  आमला के ग्रामों में नियुक्त अधिकारियों को ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने क्षेत्र के जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति में सुधार, मोबाइल नेटवर्क संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जामुन बिछवा, देहलवाडा में जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत के लिए  एस्टीमेट बनाने के निर्देश सब इंजीनियर को दिए।

नल-जल योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रिचार्ज स्ट्रक्चर बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में नल-जल योजनाओं के वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर डाउन हो रहे हैं, वहां तत्काल वैकल्पिक रिचार्ज स्ट्रक्चर विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग करें और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

स्कूलों में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन करने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों को समय-समय पर स्कूलों में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन करने के निर्देश दिए, ताकि भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष रूप से आकलन किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने निशुल्क पाठ्य पुस्तक एवं नामांकन प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ को पात्र हितग्राहियों को नियमित एवं समय पर पोषण आहार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। ग्राम भैंसई नदी पर पुलिया निर्माण की मांग पर कलेक्टर ने सेतु विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने, पात्र हितग्राहियों को राशन एवं आवास योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम ईटावा में श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग नहीं होने की समस्या पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की जानकारी ली।

क्षीरधारा एवं वृंदावन योजना की समीक्षा

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बोरदेही ग्राम पंचायत में संचालित क्षीरधारा एवं वृंदावन योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभान्वित हितग्राहियों और प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एनीमिया नियंत्रण अभियान में प्रगति बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एनीमिया नियंत्रण अभियान की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने आमला बीएमओ को अभियान में तेजी लाते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मीजल्स वैक्सीनेशन में पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और इसके लिए स्वास्थ्य अमला नियमित मॉनिटरिंग करे।

कलेक्टर ने अधिकारियों  को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में  अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इंदिरा महतो, आमला एसडीएम श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, नायब तहसीलदार श्रीमती रिचा कौरव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *