• प्रदेश की भाजपा सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में अग्रसर
  • डॉ. मुखर्जी के एक देश, एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के संकल्प को साकार कर रहे
  • डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जनकल्याण पखवाड़े की हो रही है शुरुआत- डॉ. मोहन यादव
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी जी डॉ. मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान’ की भावना को कर रहे साकार
  • भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने के लिए समर्पित है- श्री हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया व पौधरोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्मरण करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में अग्रसर है। प्रदेश की भाजपा सरकार डॉ. मुखर्जी के एक देश, एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के संकल्प को साकार कर रही है। डॉ. मुखर्जी की जयंती पर 15 दिवसीय जनकल्याण पखवाड़े की शुरुआत हो रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के उन महान राष्ट्रनायकों में थे जिन्होंने एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान का सबसे पहले और सबसे मुखर विरोध किया। उनका संकल्प भारत की अखंडता और एकात्मता को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, महापौर श्रीमती मालती राय, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया। साथ ही उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भारत ने विश्व में बनाई विशेष पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भारत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए विश्व में विशेष पहचान बनाई है। डॉ. मुखर्जी ने देश और समाज के सर्वांगीण विकास की कल्पना की। राज्य सरकार ने डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर पर 15 दिवसीय जनकल्याण पखवाड़े की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी गरीब, जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इस दिशा में रोजगार के अवसर सृजित होने से हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित हो पा रहा है।
हर क्षेत्र में तेजी से विकास करते हुए आगे बढ़ रहा है मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के निर्देशानुसार दिल्ली में बना भारत मंडपम हमारे लिए एक आदर्श उदाहरण है। डॉ. मुखर्जी की जयंती पर आज भोपाल के सतगढ़ी में मध्यप्रदेश के सबसे बडे कन्वेंशन सेंटर और सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की आधारशिला रखी है। राज्य सरकार कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर तैयार कर रही है, जिसकी क्षमता 5 हजार सीट्स की रहेगी। सतगढ़ी में बनने वाले नए विशाल कन्वेंशन सेंटर में 10 हजार से अधिक व्यक्तियों की व्यवस्था है। भोपाल सबसे समृद्ध और सशक्त राजधानी बनने जा रहा है। हमारा प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास करते हुए आगे बढ़ रहा है।
मध्यप्रदेश की धरती पर बनेंगे, रक्षा क्षेत्र के उपकरण, मिसाइल और हथियार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने रक्षा क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। अब रक्षा क्षेत्र के कई उपकरण, मिसाइल और हथियार मध्यप्रदेश की धरती पर बनेंगे। चंबल की धरती सालों से मां भारती की सेवा करने वाले वीर सैनिकों की भूमि रही है। अब यहां आधुनिक हथियार भी तैयार किए जाएंगे। यह मिसाइल एक हजार किलोमीटर तक दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त करने की क्षमता वाली होंगी।
देश राष्ट्रवादी सोच के साथ आगे बढ़ रहा है- श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि एक देश, एक विधान की भावना को सबसे पहले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखा था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस संकल्प को साकार किया जा रहा, जिसका सपना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए देखा था। आज पूरा देश उनकी राष्ट्रवादी सोच को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। डॉ. मुखर्जी ने जिस संगठनात्मक आधार, कार्यपद्धति और राष्ट्रवादी विचारधारा की नींव रखी थी, आज भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उसी विचारधारा के अनुरूप कार्य कर रहा है। हम सभी का दायित्व है कि उनके सपनों को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस अखंड और सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रदेश के सभी 62 जिलों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। जनसंघ की स्थापना के समय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ऐसे राजनीतिक दल की कल्पना की थी, जो केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, संगठन, संस्कार और विचारधारा पर आधारित हो। उनके द्वारा बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आगे चलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, कुशाभाऊ ठाकरे सहित अनेक नेताओं ने वटवृक्ष के रूप में विकसित किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा-370 और 35ए को समाप्त कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *