बैतूल। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी दसों विकासखंडों में “स्वैच्छिकता पर्व” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं, सीएम सोशल इंटर्न, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वैच्छिकता शपथ ग्रहण कर समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण, नशामुक्ति शपथ, स्वैच्छिकता शपथ, प्रेरक उद्बोधन, स्वच्छता अभियान, संस्कार केंद्रों में संगोष्ठियाँ तथा स्वैच्छिक भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा।
जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत ने बताया कि यह अभियान समाज में सेवा, सहयोग एवं जनभागीदारी की संस्कृति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, सामाजिक संगठनों तथा युवाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर समाजहित के कार्यों में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक सेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।