बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल एवं आर.डी.पी.एस. स्कूल की संचालिका श्रीमती रितु खंडेलवाल ने अपने सुपुत्र वरद खंडेलवाल का शुभ विवाह अत्यंत सादगीपूर्ण, पारिवारिक एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न कर समाज के समक्ष एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
वरद खंडेलवाल का शुभ विवाह होटल लैंडमार्क गंज, बैतूल के संचालक श्री संजय मिरानी एवं रानी दुर्गावती महाविद्यालय, बैतूल की जनभागीदारी समिति की सदस्य श्रीमती ममता मिरानी की सुपुत्री आशी मिरानी के साथ पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों एवं पारिवारिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
विवाह समारोह में केवल परिवारजनों एवं निकट संबंधियों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में न कोई अनावश्यक तामझाम, न भव्य प्रदर्शन और न ही दिखावे का कोई आडंबर देखने को मिला। यहाँ तक कि विवाह की पारंपरिक पत्रिका भी नहीं छपवाई गई। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सादगी का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रदेशवासियों से विवाह समारोहों को सादगी एवं पारिवारिक वातावरण में आयोजित करने का आग्रह किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने अपने आचरण से इस संदेश को आत्मसात करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो समाज को केवल संदेश नहीं देता, बल्कि स्वयं उसका पालन कर उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।
श्री हेमंत खंडेलवाल जी का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। यह संदेश देता है कि विवाह जैसे पावन संस्कार की वास्तविक गरिमा भव्य खर्च, दिखावे और आडंबर में नहीं, बल्कि अपनत्व, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्व में निहित है।
यह विवाह केवल दो परिवारों का पावन मिलन नहीं, बल्कि सादगी, संस्कार, भारतीय परंपरा और सामाजिक चेतना का प्रेरक संदेश भी बन गया। ऐसे अनुकरणीय उदाहरण निश्चित रूप से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेंगे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *