- ई-टोकन खत्म करने, कालाबाजारी रोकने की मांग; एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली
शाहपुर। बैतूल के शाहपुर में बुधवार को किसानों और जनहित के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जनपद पंचायत कार्यालय से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने युवा कांग्रेस मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागदरे समेत 12 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। आंदोलन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू वरकड़े, अविनाश भलावी और नीलेश करोचे ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और स्थानीय लोग जनपद पंचायत कार्यालय के सामने जुटे और रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने या उसमें सुधार, खाद की कालाबाजारी रोकने, स्वच्छ भारत मिशन की लंबित राशि का भुगतान, छात्रावासों में पारदर्शी प्रवेश, अवैध रेत खनन पर रोक और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग उठाई।
कांग्रेस बोली- किसान परेशान, सरकार गंभीर नहीं
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान खाद, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। पुलिस ने अभिषेक परमार, कमलेश यादव, पिंटू वरकड़े, अविनाश भलावी, अमित तिवारी, प्रदीप कोकाटे, भोला पुंडे सहित कुल 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। प्रदर्शन में ओम कवडकर, अंकुश मिश्रा, आयुष शुक्ला, सिद्धिक कुरैशी, संजू वट्टी, शेखर कुमरे, सोनू धुर्वे, राजेश साहू, मनीष नागले, नीलेश करोचे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।