आमला। वार्ड क्रमांक 9 भगत सिंह बड़ाईचाल-बल्लाचाल क्षेत्र की पार्षद एवं जिला महासचिव युवा कांग्रेस कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर बैतूल के नाम अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए नगर से गुजरने वाली मां चंद्रभागा नदी पर संतोषी माता मंदिर के सामने स्थित पुल को ऊंचा एवं सुरक्षित बनाने की मांग की है। ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि नगर के बीच से बहने वाली मां चंद्रभागा नदी पर बना पुल अत्यंत छोटा एवं संकरा है। थोड़ी सी बारिश होने पर नदी में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे क्षेत्रवासियों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुल को लगभग 10 फीट ऊंचा एवं 10 फीट चौड़ा करने, पुल पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मजबूत रेलिंग लगाने की मांग की है।
पार्षद खुशबू अतुलकर ने कहा कि पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण पूर्व में बारिश के दौरान दो से तीन लोगों की पुल पार करते समय पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस एवं स्थायी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ आने पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, किसान तथा आसपास के गांवों से आने-जाने वाले नागरिकों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी श्री शैलेंद्र बडोनिया से चर्चा की, जिस पर उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को चंद्रभागा नदी के पुल पर शीघ्र मजबूत रेलिंग लगाने के निर्देश दिए हैं। पार्षद ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के उन्नयन एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *