आमला। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे “सेफ क्लिक अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को जनपद चौक आमला में आमजन को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान आमला पुलिस ने नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को न खोलें और न ही डाउनलोड करें। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी साझा न करें। थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर एवं उपनिरीक्षक बलराम यादव ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “जागरूक रहें, सुरक्षित रहें” के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *