• रेस्क्यू टीम ने अंडरग्राऊंड माइन में उतरकर निकाले शव
  • मृतकों में शिफ्ट इंचार्ज, ओवर मेन सहित मायनिंग सरदार शामिल

बैतूल। वेकोलि की छतरपुर 1 खदान में गुरुवार को दोपहर में खदान के मुहाने से करीब 3.5 किलोमीटर अंदर कंट्यूनर माइनर सेक्शन में कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान 10 मीटर की छत ढह गई थी। छत ढहने से तीन वेकोलि कर्मचारियों की दबने से मौत हो गई है। मृतकों के शव गुरुवार शाम को माइन से बाहर निकाले गए। शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। घटना जिला मुख्यालय से 65 किमी. दूर वेस्टर्न फील्ड कोल लिमिटेड पाथाखेड़ा-सारनी में गुरुवार को दोपहर तीन बजे घटित हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी निश्चल एन झारिया और आमला-सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे भी मौके पर पहुंच गए थे। पूरी कार्यवाही दोनों अफसरों के निर्देशन में की गई। एसपी निश्चल झारिया ने इन तीनों की मौत होने की पुष्टि की है। एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि सिर्फ तीन केजुअल्टी ही है। अंदर और कोई नहीं फंसा है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय सांसद और केन्द्रीय राज्यमंत्री डीडी उईके ने शोक व्यक्त किया है।
सारनी एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि छतरपुर 1 अंडरग्राऊंड माइन में तीन वेकोलि कर्मी असिस्टेंट मैनेजर गोविंद कोसरिया (37), माइनिंग सरदार रामप्रसाद चौहान (46) और ओवरमैन रामदेव पंडोले (49) की कोयला खदान में रुफ फाल से मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने तीनों के शवों को खदान के अंदर से बाहर निकाला। तीनों का पोस्टमार्टम हो चुका है।
कोलकाता की कंपनी को मिला है ठेका
एसडीओपी श्री जैन ने बताया कि दबे हुए कर्मियों में माइनिंग सरदार, ओवरमैन और सेक्शन इंचार्ज शामिल हैं। यह सेक्शन जॉय माइनिंग सर्विस का है। इसमें ऑस्ट्रेलियाई मशीन लगी है। कंपनी कोलकाता की है। सूचना मिलते ही माइन रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। छतरपुर वन खदान में कंट्यूनर माइनर मशीन चल रही थी। कोयला काटते समय अचानक खदान की छत गिर गई। बताया जा रहा है कि अधिकारी और वर्कर खदान में निरीक्षण के लिए उतरे थे उसी समय यह हादसा हो गया।
तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
विधायक डॉ पंडाग्रे और कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जीएम वेस्टर्न कोल्ड लिमिटेड को लाइफ कवर स्कीम डेढ़ लाख की सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही एक्स ग्रेसिया, ग्रेच्युटी, कंपनसेशन और पीएफ, लाइफ इनकेशमेंट की राशि भी यथा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *