• बचाव कार्य में जुटी रेस्क्यू टीम

बैतूल। जिले में एक कोयला खदान की 10 मीटर की छत गिर गई। इसमें 3 कर्मचारियों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है। खदान में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घटना वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (WCL) पाथाखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर 3 बजे की है। छतरपुर-1 खदान के मुहाने से करीब 3.5 किलोमीटर अंदर कंट्यूनर माइनर सेक्शन में कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।

कोलकाता की कंपनी को मिला है ठेका दबे हुए कर्मियों में माइनिंग सरदार, ओवरमैन और सेक्शन इंचार्ज शामिल हैं। यह सेक्शन जॉय माइनिंग सर्विस का है। इसमें ऑस्ट्रेलियाई मशीन लगी है। कंपनी कोलकाता की है। सूचना मिलते ही माइन रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

मशीन कोयला काट रही थी, तभी गिरी छत बताया जा रहा है कि छतरपुर वन खदान में कंट्यूनर माइनर मशीन चल रही थी। कोयला काटते समय अचानक खदान की छत गिर गई। बताया जा रहा है कि अधिकारी और वर्कर खदान में निरीक्षण के लिए उतरे थे। उस समय वहां 25 से 26 लोग मौजूद थे। लेकिन वे अलग-अलग सेक्शन में थे।

कलेक्टर-एसपी मौके के लिए रवाना कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झरिया भी सारनी के लिए रवाना हो गए हैं। एसपी झरिया ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। कलेक्टर के मुताबिक हादसे में तीन लोगों के दबे होने की आशंका है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *