• कमीशन बढ़ाने की लगाई गुहार

बैतूल। रक्षाबंधन के अवसर पर एलपीजी कीमतों में अप्रत्याशित कमी होने से वितरण संघ को बड़ा नुकसान हो रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का आरोप है कि कीमतें घटाने से उन्हें लाखो रुपए का नुकसान हुआ। इस मामले में बुधवार को बैतूल, हरदा, हरसूद वितरक संघ ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पूरी के नाम सांसद दुर्गादास उइके को ज्ञापन सौंपकर एलपीजी वितरकों की समस्या का निराकरण करने की मांग की है। वितरक संघ ने बताया कि पिछले 29 अगस्त को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रक्षाबंधन पर अखिल भारत स्तर पर एलपीजी के अधिकतम मूल्य में 200 की कमी की घोषणा की थी। संशोधित मूल्य से वितरकों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। त्यौहारों को देखते हुए भरपूर स्टॉक वितरकों के पास उपलब्ध था। ऐसी स्थिति में लगभग 1 लाख से लगाकर 3 लाख तक नुकसान प्रत्येक एजेंसी की क्षमता एवं स्टॉक को हुआ है।

नुकसान की भरपाई की जाए

वितरक संघ का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा देश वासियों को धूल, धुए से छुटकारा दिलाने और जंगल बचाने के उद्देश्य से घरेलू गैस एलपीजी पर प्राथमिकता से काम करते हुए लगभग 9 करोड़, प्रधानमंत्री उज्वला योजना के अंतर्गत मुफ्त में गैस कनेक्शन वितरित किए गए थे। एलपीजी वितरकों ने इस महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। इसी के साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत कोरोना काल के दौरान पीएमयूवाय उपभोक्ताओं को मुफ्त में तीन रिफिल देने के आदेशों का क्रियान्वन भी पूर्ण ईमानदारी के साथ किया गया था। वितरक संघ ने मांग की है कि सभी वितरकों के गोदाम में रखें एलपीजी सिलेंडर के स्टॉक का अवलोकन कर तेल कंपनी को अंतर की राशि वापस के लिए निर्देशित किया जाए। वितरक संघ ने मांग की है कि 3 वर्षों से लंबित वितरक कमीशन में वृध्दि और एलपीजी के मूल्य में अचानक हुई कमी से हुए नुकसान की भरपाई की जाए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *