- एसपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर की मांग
बैतूल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अधिकृत ट्विटर एमपी कांग्रेस के ट्विटर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम से ट्वीट करने के मामले में बैतूल में भी सियासत गरमा गई है। भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को एक शिकायत आवेदन देकर दोषी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
जिला संयोजक भाजपा विधि प्रकोष्ठ दिलीप यादव अधिवक्ता ने बताया कि 20 अगस्त 2023 को कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह भोपाल में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा एक भाषण दिया गया था। जिसमें उनके द्वारा कांग्रेस शासन के दौरान किए गए घोटालों को क्रमवार बताया गया था। गृहमंत्री अमित शाह के भाषण में उल्लेखित किए गए तथ्यों के साथ कूटरचना करते हुए उसे लिखित रूप से कांग्रेस आईटी सोशल मीडिया सेल द्वारा अपने अधिकृत ट्वीट हैंडल एमपी कांग्रेस से पोस्ट किया है। जिसमें लिखा है कि ” हमने राफेल लड़ाकू विमान खरीदी घोटाला किया मध्य प्रदेश को झूठ उत्पादन में नंबर वन बनाया है अमित शाह”। इस कूटरचित पोस्ट को कांग्रेस के आईटी सेल एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा उपरोक्त ट्वीट को शेयर कर प्रचारित प्रसारित किया जा रहा है।
संदोष राजनीतिक लाभ लेने का प्रयत्न
भाजपा विधि प्रकोष्ठ जिला संयोजक दिलीप यादव ने आरोप लगाया कि उपरोक्त कृत्य के माध्यम से कांग्रेस के आईटी व सोशल मीडिया विभाग द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को षडयंत्र पूर्वक भ्रमित कर राजनीतिक लाभ प्राप्त करने का प्रयत्न किया जा रहा है तथा भारतीय जनता पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक से आवेदन के माध्यम से आग्रह किया गया है कि संबंधित के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजी बद्ध किया जाए।