• हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा, पेंडेंसी तीन दिन में खत्म करने के निर्देश, पेंशन, राशन कार्ड, संबल जैसी योजनाओं के सर्वे पूरे करने के निर्देश

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी के सभाकक्ष में सोमवार 27 फरवरी 2023 को नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार ने सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों की बैठक ली। हितग्राही मूलक योजनाओ में पेंडेंसी को तत्काल खत्म करने के निर्देश अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा आम लोगों के लिए शुरू की गई सभी योजनाओं का लाभ पात्रों को मिलना चाहिए। नगर पालिका स्तर पर इसे लेकर कोई लापरवाही ना हों।

अधिकारी, कर्मचारियों की समीक्षा बैठक सोमवार 27 फरवरी 2023 को शाम 4 बजे से सभाकक्ष मे शुरू हुई। अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार ने प्रधानमंत्री आवास, जलावर्धन योजना की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि जलावर्धन योजना की टेस्टिंग समयसीमा में पूरी कर ली जानी चाहिए। उन्होंने गरीबी रेखा संबल योजना एवं पेंशन प्रकरणों के सर्वे में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र परिवार के घर कोई अनहोनी होती है तो पार्षद के माध्यम से उसे तत्काल उसी दिन शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जानी चाहिए। अध्यक्ष ने कहा कि शासन की योजना गरीबों और जरूरतमंदों के लिए तैयार की गई है, इनका लाभ उन्हें मिलना चाहिए। सर्वे के काम दो से तीन दिन में पूरे कर लिए जाने चाहिए। योजना शाखा के तहत ऋण प्रकरणों में हो रही देरी को लेकर उन्होंने बैंकों के रीजनल कार्यालयों को पत्र लिखने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु के प्रमाणपत्रों के लिए लोगों को परेशान ना होना पड़े। इनके सर्वे भी समय से होने चाहिए। स्वास्थ्य शाखा की समीक्षा के दौरान भी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई का कार्य सार्वजनिक होता है। प्रत्येक वार्डों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तो सफाई भी दिखाई देनी चाहिए। स्वच्छता सर्वेक्षण में हमें फिर से नंबर वन आना है। आम लोग स्वच्छता से संतुष्ट होंगे तभी फीडबैक के नंबर नपा को प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा सभी सफाई सुपरवाइजर स्वच्छता के कार्य को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर करें। बैठक में सहायक लेखाधिकारी ब्रजेश नागर, उपयंत्री रविंद्र वराठे, नितिन मीणा, कमलेश पटेल, स्वच्छता निरीक्षक केके भावसार, सभी शाखाओं के प्रभारी अधिकारी, स्वच्छता दरोगा सुपरवाइजर एवं कार्यालयीन कर्मचारी. उपस्थित थे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *