सारनी। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए चल रहे लाकडाउन की विषम परिस्थिति में अपने विद्यालय से दूर घर में रह कर सरस्वती विद्या मंदिर सारनी के कार्यकर्ता लोगों को निःशुल्क वितरित करने के लिए मास्क तैयार कर रहे हैं। सरस्वती विद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्या भारती के लगभग सभी विद्यालयों में कार्यकर्ता वरिष्ठ अधिकारियों के मार्ग-दर्शन में अपने अपने स्तर पर सेवा कार्य कर रहे हैं। संकट के इस दौर में स्थानीय संचालन समिति और विद्यालय के कार्यकर्ता भी सामाजिक सरोकार से जुड़े सेवा कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं। जिन कार्यकर्ताओं के घर सिलाई मशीन है, वे मास्क बनाकर खाली समय का सदुपयोग कर रहे हैं। विद्यालय की इस मुहिम में अनीता कोसे, लता हारोड़े, कमलेश पाटनकर, पूर्व छात्रा तनु हारोड़े, सहयोगी अभिभावक चंद्रमुखी धोटे आदि निशुल्क वितरण के लिए 1000 मास्क तैयार कर रहे हैं। मास्क तैयार होने के बाद जरूरतमंद लोगों को मास्क वितरित किए जायेंगे। विद्यालय संचालन समिति की ओर से भी सेवा और सहयोग की इस मुहिम को सहयोग दिया जा रहा है। समिति ने सेवा बस्ती के निर्धन परिवारों के लिए भोजन एवं अनाज वितरण की भी योजना बनाई गई है। संकट के इस दौर में विद्यालय के पूर्व छात्रों का भी सहयोग लिया जा रहा है। सरस्वती शिक्षा समिति के अध्यक्ष अंबादास सूने एवं सचिव योगेन्द्र ठाकुर ने बताया कि समिति द्वारा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सहायता कोष में सहयोग राशि जमा कराई गई है। विद्यालय परिवार को भी स्वैच्छिक रूप से अपनी अपनी क्षमतानुसार सहायता कोष में राशि जमा करने का आग्रह किया गया है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *