बैतूल। बैतूल की जीवनदायिनी माचना नदी का पानी रोकने के लिए बुधवार को सैकड़ों लोगों ने फिल्टर प्लांट स्थित माचना घाट पर लगातार तीन घंटे श्रमदान कर 1500 बोरियों से बांध बनाकर एनीकेट से बहने वाले जल का संरक्षण किया। बुधवार को प्रात: 8 बजे से पूर्वान्ह 11 बजे तक चले इस श्रमदान में जनप्रतिनिधियों सहित नगर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, पर्यावरणीय संस्थाओं के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से श्रमदान किया।
जल संरक्षण के लिए कार्य कर रहे समाजसेवी श्री मोहन नागर के निर्देशन में श्रमदानियों ने नदी की धार में पहले दो पंक्ति में बोरियां रखीं तथा बोरियों के बीच काली मिट्टी भरकर बांध बनाया। बोरी बंधान के पश्चात् श्रमदानियों को संबोधित करते हुए श्री नागर ने कहा कि माचना पुनर्जीवन अभियान के तहत अनेक जल संरचनाएं ग्रामों में प्रशासन व जनभागीदारी के माध्यम से बनाई जा रही है। इस वर्ष अनेक स्टॉप डेम, तालाब व पहाड़ों में खंतियां खोदने का कार्य किया जाएगा।
बोरीबंधान कार्य में पूर्व सांसद श्री हेमंत खंडेलवाल, उप प्रधान जिला पंचायत श्री नरेश फाटे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री आनंद प्रजापति, नागरिक बैंक के अध्यक्ष श्री अतीत पंवार, गायत्री परिवार के जिला प्रमुख डॉ. कैलाश वर्मा सहित ग्रीन टाइगर्स, सत्य सांईं सेवा समिति, भारत भारती शिक्षा संस्थान, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, पूर्व सैनिक परिषद्, साहू समाज समिति, स्माइल ग्रुप, ओम सांईं विजन समिति आदि संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *