- छतरपुर में BJP प्रदेशाध्यक्ष बोले- भारत में दूसरे देशों से फ्यूल के कम दाम बढ़े
छतरपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को छतरपुर पहुंचे। उन्होंने यहां भाजपा के जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग को संबोधित किया। अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने करोड़ों लोगों को रोजगार प्रदान किया है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारत में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम अन्य देशों की तुलना में कम बढ़े हैं। उन्होंने पाकिस्तान और यूरोप के देशों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें 50 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं। खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भारत में कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) का उत्पादन नहीं होता, जिसके कारण देश को इसका आयात करना पड़ता है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भारत पर भी पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि भाजपा संगठन लगातार प्रशिक्षण और संवाद के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
+ There are no comments
Add yours