
घोड़ाडोंगरी। मुख्यमंत्री मदद योजना के तहत जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी द्वारा राठौर लान में आयोजित ग्राम पंचायतों को बर्तन वितरण कार्यक्रम भाजपा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के चुटीले अंदाज से छाया रहा। दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेताओं के इस अंदाज का लुत्फ लेते दिखे । भाजपा नेता ,पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उईके ने चुटकी लेते हुए कहा कि शिवराज ने स्वीकृति ,तो कमलनाथ ने टेंडर ,तो शिवराज ने वितरण करवाया।विधायक ब्रह्मा भलावी का उद्बोधन क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है ।
श्री भलावी ने कहा कि इस योजना के तहत 21 हजार के बर्तन खरीदने थे । अगर यह खरीदी ग्राम पंचायतों को सौंप दी जाती तो 10 हजार के बर्तन खरीदते और 21 हजार का बिल लगा देते। अच्छी क्वालिटी के बर्तन गांव में पहुंचे इसके लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने टेंडर के द्वारा बर्तन खरीदी कराई। उन्होंने सांसद दुर्गादास उईके से कहा कि आप तीन जिलों के सांसद हैं ।ग्राम पंचायतों में दलाल सक्रिय हैं इस और ध्यान दें । मेरा और आपका रिश्ता साडू भाई जैसा है । जनपद सीईओ से कहा कि ग्राम पंचायतों में दलालों के हस्तक्षेप पर ध्यान देकर रोक लगाएं । बीमारी सहायता राशि को लेकर कहा कि मैं जो प्रकरण भेजता हूं उन्हें कांग्रेस का विधायक होने के कारण रोक दिया जाता है । बीमारी को दलगत राजनीति से दूर रखा जाए मैंने भाजपा के लोगों को भी बीमारी के प्रकरण में पैसा स्वीकृत कराया है ।
विधायक ने कहा एक ग्राम पंचायत में दलाली को लेकर मेरी पार्टी के भी लोग आए थे। मैंने उनसे कहा तुम पहुचो मैं आ रहा हूं ।जब मैं वहां पहुंचा तो दलाल गायब हो गए। एक सरपंच का दो वर्ष पुराना सचिव को हटाने का आवेदन लेकर मेरे पास दलाल आए थे । इस तरह चार सौ बीसी दलाल लोग कर रहे हैं । उन्होंने सांसद से कहा कि हमें साथ मिलकर क्षेत्र को सुधारना है ।मैं आदिवासी हूं गलत करूंगा तो कीड़े पड़ेंगे।
सांसद दुर्गादास उईके ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक ब्रह्मा भलावी की मुखर अभिव्यक्ति के लिए मैं उनका स्वागत करता हूं। जिस गति से विकास होना था नहीं हुआ । कल हमने बैठक रखी है जिसमें सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा करेंगे । जहां कमियां हैं उनको दूर किया जाएगा।बीमारी के प्रकरणों को लेकर उन्होंने विधायक ब्रह्मा भलावी से कहा कि ऐसे प्रकरण व्यक्तिगत रूप से उन्हें दें वे स्वीकृत कराकर लाकर देंगे ।
सांसद ने कोरोना बीमारी को लेकर लोगों से सावधानियां रखने के लिए कहा । श्री दुर्गादास ने कहा कि देश का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। जिले में ही कोरोना संक्रमित मरीजो का आंकड़ा 900 तक पहुंच गया है । देश की सीमाएं अशांत है। यह समय मुश्किल भरा है।
जनपद सीईओ दानिश अहमद खान ने कहा कि 56 ग्राम पंचायतों के 129 गांव में मुख्यमंत्री मदद योजना के तहत बर्तनों का वितरण किया जा रहा है। जिससे लोगों को अपने घरों में होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों में बर्तनों की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा । कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। जनपद सीईओ ने तिलक कर अतिथियों का स्वागत किया । कार्यक्रम को भाजपा नेता विशाल बतरा, भाजपा नेता राजेंद्र मालवीय ,कांग्रेसी नेता नरेंद्र मिश्रा ने संबोधित किया। आदिवासी विकास मंच ने घोड़ाडोंगरी को नगर पंचायत बनाने और रेलवे का ओवर ब्रिज स्वीकृत कराने को लेकर भाजपा नेता दीपक उईके के नेतृत्व में सांसद का सम्मान किया । कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जनपद अध्यक्ष सुशीला धुर्वे ने किया। मंच संचालन विनय डोंगरे ने किया ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक गीता उईके, गंगा उईके, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश महतो ,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र महतो, अशोक राठौर ,दुष्यंत महाले, विक्रांत महतो ,संजय अग्रवाल सहित अन्य नेता प्रमुख रूप से मौजूद थे।
+ There are no comments
Add yours