टीकाकरण महाअभियान के दौरान सक्रिय रही प्रदूषण बोर्ड की टीम

Estimated read time 1 min read
  • चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित डिस्पोजल हेतु टीकाकरण केंद्रों का किया निरीक्षण

बैतूल। 21 जून से शुरू हुए टीकाकरण महा अभियान के सुरक्षित प्रबंधन हेतु मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी महती भूमिका निभाई। बोर्ड के निरीक्षक संजय राजपूत के नेतृत्व में एक दल बैतूल जिले के टीकाकरण केंद्रों का लगातार निरीक्षण करता रहा और यह सुनिश्चित करता रहा कि टीकाकरण केंद्रों से जनित जीव चिकित्सा अपशिष्ट जैसे सिरिंज, खाली वॉयल, कॉटन आदि का निष्पादन नियमानुसार एवं सुरक्षित रूप से हो । इस हेतु मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा पूर्व योजना बनाकर टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। सोमवार सुबह टीकाकरण का कार्य शुरू होते से ही बोर्ड की टीम बैतूल जिले के सारणी, रानीपुर और घोड़ाडोंगरी सहित जिले के कई टीकाकरण केंद्रों पर पहुंची । बोर्ड की टीम लगातार देर शाम तक टीकाकरण केंद्रों का सतत निरीक्षण करते रही और वहां निकलने वाले अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान को चेक किया। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री करैरा ने बताया कि टीकाकरण केंद्रो के अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम आयोजित बैठक में बोर्ड के सदस्य सचिव श्री ए. ए. मिश्रा एवं डायरेक्टर श्री पी. के. त्रिवेदी द्वारा क्षेत्रीय अधिकारियों एवं प्रदेश के CBWTF संचालकों को आवश्यक निर्देश दिये गये थे। इसके परिपालन में हमारे द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारियों को पूर्व में ही पत्र लिखकर अपशिष्ट के सुरक्षित एवं समुचित प्रबंधन के इंतजाम सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के तारतम्य में टीकाकरण केंद्रों पर समुचित व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं यह सुनिश्चित करने हेतु बोर्ड द्वारा निरीक्षण टीमों का गठन किया गया था । जिसमें से एक टीम बैतूल जिले के टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण करने भी पहुंची थी । उन्होंने बताया कि यहां टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे निरीक्षक संजय राजपूत एवं टीम के अन्य सदस्यों द्वारा बैतूल जिले के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण कर वहाँ तैनात मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ को भी टीकाकरण अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान के संबंध में सुझाव एवं निर्देश दिए गए। श्री करैरा ने बताया कि सभी केंद्रों से निकलने वाले इस प्रकार के कचरे को CBWTF के माध्यम से एकत्रित कर निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours