चाकू से काजल लगाया, पलकों से सुई उठाई: बैतूल के स्टूडेंट ने विजय दिवस पर दिखाए हैरतअंगेज करतब; लट्‌ठबाजी में है गोल्ड मेडलिस्ट

Estimated read time 1 min read

बैतूल। आंखों में एक तिनका भी पड़ जाए तो हम कराह उठते हैं, लेकिन गुरुवार काे बैतूल में एक युवा ने पलकों से ऐसा हैरतअंगेज करतब दिखाया। इससे सभी हैरान रह गए। दीक्षांत ने आंख की पलकों से न केवल खड़ी सुई उठाई, बल्कि चाकू से आंखों में काजल भी लगाया। मौका भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की गौरवशाली जीत के 50 साल पूरे होने के अवसर पर पूर्व सैनिक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का था।

25 साल का दीक्षांत साहू स्नातक है। वह गिल्डर व्यायाम शाला का करतबबाज भी है। दीक्षांत ने बचपन में आंखों से सुई उठाने और चाकू से काजल लगाने का हुनर सीख लिया था। वह दशहरे से लेकर अन्य अखाड़ों के आयोजन में यह हैरतअंगेज करतब दिखाता है। दीक्षांत के मुताबिक उसने अखाड़े के गुरु बलवंत सिंह तोमर से शिक्षा ली है। यह जोखिम वाला करतब तो है, लेकिन बार-बार के अभ्यास से उसने इसे सीख लिया। दीक्षांत इसके अलावा लट्‌ठबाजी में गोल्ड मेडलिस्ट है। वह जल्द ही नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेगा।

विजय दिवस पर कार्यक्रम
विजय दिवस के अवसर पर शहर में रैली निकाल कर कारगिल चौक पर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करने के पश्चात किराड़ समाज के मंगल भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यहां बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। दीक्षांत ने चाकू से आंखों में काजल लगाने और आंखों से सुई उठाने का हैरतअंगेज कारनामा दिखाया तो जैसे सबकी सांसें थम गईं।

जनरल संधू हुए शामिल
पूर्व सैनिक संघ बैतूल ने इस वर्ष भी 16 दिसंबर को वर्ष 1971 में शहीद हुए जवानों की शहादत की स्मृति में विजय दिवस की 50वीं वर्षगांठ मनाई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पीवीएसएम, यूवायएसएम, एवीएसएस, वायएसएम सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधू शामिल हुए। कार्यक्रम में बैतूल जिले की समस्त वीरनारी, शहीदों के परिवार, पूर्व सैनिक परिवार शामिल हुए।

More From Author

+ There are no comments

Add yours