बैतूल। बैतूल से 35 किमी दूर गांव घुग्गी चोपना में वन्य प्राणी सांभर का शिकार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जबकि छह अभी भी फरार हैं। आरोपियों ने खेत में करंट लगाकर सांभर का शिकार कर उसका मांस 200 रुपए किलो में बेच दिया था।
बैतूल वन परिक्षेत्र के रेंजर विकास सेठ के मुताबिक 19 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घुग्गी चोपना गांव के पास खेत में 5-6 साल के सांभर का करंट लगाकर शिकार किया गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां सांभर के पेट की थैली मिली। आरोपी इसका करीब 70 किलो मांस गांव में बेच चुके थे। वन विभाग ने शिकार में उपयोग सामान भी यहां से जब्त किया। जिसमें बिजली का तार और कुल्हाड़ी शामिल थी। इस मामले में कमलेश पिता चिरोंजीलाल और चिरोंजीलाल पिता बिसेन को गिरफ्तार किया गया। जबकि 6 अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
आरोपियो ने अपने गेहूं के खेतों में आने वाले सांभर का शिकार करने की योजना बनाई। उन्होंने खेत में इसके लिए बिजली का करंट फैला दिया। जंगल से सटे खेत में फसल चरने आया सांभर करंट की चपेट में आ गया। आरोपियों ने तत्काल सांभर का शिकार किया और मांस को 200 रुपए किलो के हिसाब से बेच दिया। विभाग के मुताबिक मौके से मिले सांभर के पेट की थैली से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह वयस्क था।
+ There are no comments
Add yours