कोरोना से बचना अब आपके हाथ में कल से खुलेंगे पूरे बाजार

Estimated read time 1 min read

जिला प्रशासन ने दिए ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में समस्त प्रतिष्ठान खोलने के निर्देश
सिर्फ प्रतिबंधित गतिविधियाँ ही रहेंगे बंद, जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक आयोजित

बैतूल। आज से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठान खोलने के निर्देश जिला प्रशासन ने दे दिए हैं। 21 मई से संपूर्ण बाजार की दुकानें खुलेंगी सिर्फ प्रतिबंधित किए गए माल, स्कूल, जिम, सिनेमाघर ही बंद रहेंगे इसके अलावा सभी बाजार खुला रहेगा।  
जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक 20 मई बुधवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक डीएस भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत एमएल त्यागी, अपर कलेक्टर जेपी सचान सहित संबंधित शासकीय अधिकारियों के अलावा समूह में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि के रूप में हेमन्त खण्डेलवाल, अरूण गोठी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि के रूप में मोहन नागर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. योगेश पण्डाग्रे, अध्यक्ष उद्योग संघ एवं सचिव रेडक्रास समिति ने राज्य शासन के निर्देश के अनुक्रम में लॉकडाउन की नवीन व्यवस्था पर विचार विमर्श किया एवं राज्य शासन के निर्णय अनुरूप जिले में प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर समस्त गतिविधियां प्रारंभ रखने का निर्णय लिया गया।
समूह ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवासी नागरिकों के आने से संक्रमण की स्थिति पर विस्तार से विचार किया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में और अधिक सजगता बनाए रखने एवं संक्रमण को रोकने हेतु समस्त नागरिकों से आपस में दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील की। समिति ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे सजगता से रहें एवं बाहर से आए हुए जो नागरिक घरों में क्वारेंटाइन हैं, उन्हें घरों में ही रहने की सलाह दें, साथ ही उन पर नजर रखें।
समूह ने आमजन से यह भी अपील की है कि आर्थिक गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने के लिए समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में समस्त प्रतिष्ठान एवं दुकानें खोली जा रही है, परन्तु नागरिक आवश्यकतानुसार न्यूनतम संख्या में ही बाजारों में आएं एवं एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें।
समूह ने प्रतिष्ठान स्वामियों एवं दुकानदारों से भी अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर प्रतिष्ठान या दुकान में ग्राहकों के बीच दो गज की दूरी बनाए रखने संबंधी फ्लेक्स, बैनर अवश्य लगाएं। एक दुकान में एक समय में पांच से अधिक व्यक्ति नहीं रहेंगे। 
समूह ने वर्तमान में जिले में कोरोना के आठ पॉजीटिव केस हैं, उनके तीनों कन्टेंमेंट क्षेत्र तहसील शाहपुर के ग्राम तारा एवं तहसील घोड़ाडोंगरी के ग्राम शोभाुपर व कतिया कोयलारी के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। समूह की बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीसी चौरसिया एवं सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा ने जिले के नागरिकों से यह आग्रह किया कि वे सभी तरह की सावधानियां बरतें, आपस में दो गज की दूरी रखें, मास्क पहनें एवं लगातार हाथ धोएं। किसी भी प्रकार के बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी के लक्षण पाए जाने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल में परीक्षण अवश्य करवाएं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours