कलेक्टर ने दिए विस्तृत दिशा-निर्देश
बैतूल। रबी विपणन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य पर गेहूं/दलहन एवं तिलहन उपार्जन का कार्य 15 अप्रैल 2020 से जिले की चिन्हित सहकारी समितियों के माध्यम से शुरू हो चुका है। उपार्जन के पूर्व की जाने वाली आवश्यक तैयारियों एवं उपार्जन प्रारंभ होने के उपरांत उपार्जन की गतिविधियों तथा कोविड-19 की रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए खरीदी केन्द्रों की मॉनीटरिंग हेतु संबंधित समिति के प्रशासक, समिति से सम्बद्ध ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सहायक आपूर्ति अधिकारी एवं संबंधित समितियों के शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उपार्जन केन्द्रों की सतत् मॉनीटरिंग कर सुनिश्चित करें कि खरीदी केन्द्र प्रत्येक कार्यदिवस पर अनिवार्य रूप से निर्धारित समय पर खुले रहे। खरीदी केन्द्रों पर समस्त आवश्यक सुविधाएं जैसे- छांव, बैठक, पानी, साफ-सफाई आदि की व्यवस्थाएं हों। खरीदी केन्द्र पर समस्त आवश्यक सामग्री जैसे- तौल कांटा, सिलाई मशीन, माईश्चर मशीन, धागा, रंग, पंखा, स्टेंसिल, बारदाना आदि सतत् रूप से उपलब्ध रहे। खरीदी केन्द्रों पर हम्मालों की व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने कहा है कि नोडल अधिकारी कोविड-19 वायरस की रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए सभी खरीदी केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन करना सुनिश्चित करें। खरीदी केन्द्रों पर खरीदी के लिए कार्यरत कर्मचारियों/हम्मालों के लिए पर्याप्त मात्रा में सेनेटाइजर, मास्क एवं हाथ धोने के लिए हैण्डवाश, साबुन, पानी, पेपर नेपकिन आदि का पर्याप्त इंतजाम हो एवं वे सभी कर्मचारी/हम्माल समय-समय पर हाथ धोते रहें।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए हैं कि खरीदी केन्द्र पर आ रहे कृषक भीड़ न लगाएं, यथासंभव कृषकों से पूर्व चर्चा कर ही उन्हें खरीदी केन्द्रों पर बुलाया जाए, ताकि कोविड-19 वायरस संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। खरीदी केन्द्र की प्रत्येक सामग्री को प्रतिदिन सुबह-शाम सेनेटाइज किए जाने की व्यवस्था की जाए। बुजुर्ग एवं बीमार व्यक्तियों को खरीदी केन्द्र पर न बुलाया जाए।
उन्होंने कहा है कि खरीदी केन्द्र की दिन भर की गतिविधि खरीदी एवं आने वाली समस्याओं के संबंध में नोडल अधिकारी पृथक-पृथक अपनी रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में प्रतिदिन संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को एवं अपने जिला प्रमुख को देंगे। सभी संबंधित जिला प्रमुख प्रतिदिन खरीदी की जानकारी में आ रही समस्याओं/असुविधाओं एवं लगने वाली आवश्यक सुविधाओं के लिए कलेक्टर कार्यालय को अवगत कराएंगे। साथ ही उपार्जन केन्द्रों से संबंधित आवागमन की समस्याओं का निराकरण करेंगे।
+ There are no comments
Add yours