अर्णब गोस्वामी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को चुनौती दी, सुप्रीम कोर्ट में आज उनकी याचिका पर सुनवाई

Estimated read time 1 min read
  • मुंबई में अर्णब और उनकी पत्नी की कार पर गुरुवार रात हमले की कोशिश हुई थी, 2 आरोपी गिरफ्तार
  • कांग्रेस का आरोप- अर्णब गोस्वामी ने डिबेट के दौरान सोनिया गांधी को लेकर आपत्तजिनक टिप्पणी की

नई दिल्ली. रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्णब गोस्वामी ने अलग-अलग राज्यों में अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। शुक्रवार को जस्टिस डीवाय चंद्रचूड़ और जस्टिस एमआर शाह की बेंच उनकी याचिका पर सुनवाई करेगी। दरअसल, कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक डिबेट के दौरान अर्णब ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने कई थानों में उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है।

मुंबई में गुरुवार रात को ऑफिस से घर लौटते वक्त दो लोगों ने अर्णब की कार पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने अर्णब और उनकी पत्नी की कार पर स्याही फेंकी थी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस घटना की आलोचना की। जावड़ेकर ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। वहीं, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया और ब्रॉडकास्टिंग एसोसिएशन भी इसे निंदनीय कृत्य बता चुके हैं।

क्या है विवाद?
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पिछले दिनों रिपब्लिक टीवी पर डिबेट के दौरान अर्णब ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं की लिंचिंग के मुद्दे पर डिबेट के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कथित तौर पर हिंदुओं को उकसाने की कोशिश की। इस मामले में महाराष्ट्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पदाधिकारियों ने अर्णब के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours