- दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने नरेंद्र सिंह तोमर से अलग से बात की, धर्मेंद्र प्रधान से भी दोनों की बात हुई
- भाजपा 23 मार्च को प्रस्तावित बैठक में विधायक दल का नेता चुन सकती है, दिल्ली से धर्मेंद्र प्रधान भी आएंगे
भोपाल. 15 महीने बाद सत्ता में आ रही भाजपा से अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल पर सियासी गलियारों में दिनभर सरगर्मी रही। पार्टी सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शिवराज, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सबसे आगे हैं। फिर नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा है। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने तोमर से अलग से बात की है। धर्मेंद्र प्रधान से भी दोनों की बात हुई। माना जा रहा है कि शिवराज-तोमर में से ही एक नाम को पार्टी आलाकमान प्राथमिकता दे सकती है। नरोत्तम को सरकार में पावरफुल दर्जा मिलेगा।
घटस्थापना के दिन पेश हो सकता है दावा
पहले माना जा रहा था कि शनिवार को भाजपा की बैठक बुलाकर विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा, लेकिन काेरोना वायरस के चलते बैठक सोमवार तक टाल दी गई। अब यह बैठक 23 मार्च को प्रस्तावित है। इसमें दिल्ली से पर्यवेक्षक के रूप में धर्मेंद्र प्रधान व प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भोपाल आ सकते हैं। 25 मार्च को नवरात्र की घट स्थापना के साथ ही भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।
कोरोना के कारण डिनर कैंसिल
इससे पहले शिवराज ने शुक्रवार शाम ही पार्टी विधायकों को डिनर पर बुलाया था, लेकिन बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सहस्त्रबुद्धे को फोन कर प्रधानमंत्री का संदेश दिया। इसके बाद डिनर कैंसिल कर दिया गया।
अब मुख्य सचिव, सीएम के प्रमुख सचिव हटेंगे!
भाजपा सरकार बनते ही मुख्य सचिव एम गोपाल रेड्डी और सीएम के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल का हटना तय माना जा रहा है। रेड्डी इसी सप्ताह सीएस बने हैं। इनका कार्यकाल सितंबर 2020 तक है। वर्णवाल शिवराज के समय भी पीएस रहे। कमलनाथ ने भी वर्णवाल को बनाए रखा। अब माना जा रहा है कि प्रशासनिक सर्जरी में सबसे पहले ये दो बदलाव होंगे।
+ There are no comments
Add yours