- स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए शोरूम उपलब्ध कराए
- कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, उपार्जन केंद्र, कृषि सहकारी समिति का किया निरीक्षण
बैतूल। घोड़ाडोंगरी जनपद के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रानीपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, उपार्जन केंद्र, कृषि सहकारी समिति का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, आईपीडी एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी डॉक्टरों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की नियमित ड्यूटी लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बारिश से पूर्व स्वास्थ्य केंद्र भवन की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने बीएमओ से पीएम संबंधी शिकायतों की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, प्रथम त्रैमासिक एएनसी पंजीयन तथा हाई रिस्क एवं एनीमिक महिलाओं को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। इस दौरान बीएमओ ने हाई रिस्क और एनीमिक महिलाओं को दिए जा रहे उपचार की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाई रिस्क और एनीमिक महिलाएं समय पर अपनी आवश्यक खुराक ले, इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके अलावा उन्होंने आयरन सुक्रोज सहित अन्य आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बीएमओ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में सोनोग्राफी सेवाएं भी पूरी तरह क्रियाशील हैं। इस दौरान कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी को एक बेहतर स्वास्थ्य मॉडल के रूप में विकसित करने तथा क्षेत्र में मातृ एवं शिशु मृत्यु शून्य रखने के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से किया आत्मीय संवाद, भोजन की गुणवत्ता परखी
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने रानीपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें बिस्किट एवं चॉकलेट वितरित किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की दर्ज संख्या, नाश्ता एवं भोजन व्यवस्था की जानकारी ली तथा भोजन चखकर गुणवत्ता भी परखी। भोजन हल्का तीखा पाए जाने पर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी ली। कार्यकर्ता ने बताया कि बच्चे सहज रूप से तीखा भोजन ग्रहण कर लेते हैं। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में उपलब्ध फर्स्ट एड किट का निरीक्षण कर बीएमओ को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्व सहायता समूहों की महिलाओं की आजीविका गतिविधि बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर मशरूम उत्पादन, अचार निर्माण, मसाला पाउडर एवं कपड़ा दुकान संचालन जैसी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने मशरूम उत्पादन के प्रयासों की सराहना की। महिलाओं ने बताया कि मशरूम उत्पादन से प्रतिमाह लगभग 10 से 15 हजार रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में 23 लखपति दीदी सक्रिय हैं। कलेक्टर ने जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ को निर्देश दिए कि बैतूल में संचालित आजीविका शॉप में जिले की उत्कृष्ट महिला समूहों के उत्पादों के लिए विशेष आउटलेट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को जानकारी मिलने के साथ-साथ महिलाओं की आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
उपार्जन केंद्र और कृषि सहकारी समिति पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने रानीपुर स्थित गायत्री खरीदी केंद्र पहुंचकर उपज तौल प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लस्टर लॉस के कारण रिजेक्ट हुई उपज भी देखी और खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कृषि सहकारी समिति रानीपुर का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। किसान की ओटीपी प्राप्त नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने ऑपरेटर के साथ बैठकर स्वयं ई-टोकन प्रणाली से ओटीपी प्राप्त करने से लेकर खाद आवंटित करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समिति से जुड़े किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्हें कोई भी परेशानी आती है तो उसका त्वरित निराकरण कर किसानों को सुचारू रूप से खाद वितरण किया जाए।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बस कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश
रानीपुर थाना परिसर में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने घोड़ाडोंगरी से रानीपुर के बीच बस कनेक्टिविटी नहीं होने से विद्यार्थियों को घोड़ाडोंगरी स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानी से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने बस सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। इसके अलावा उन्होंने श्रम योगी मानधन योजना, पटवारियों की उपस्थिति, आंगनवाड़ी संचालन एवं भोजन-नाश्ते की गुणवत्ता की भी जानकारी ग्रामीणों से ली। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने आंगनवाड़ियों में हेल्थ कॉर्नर की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के भी निर्देश दिए।। इस दौरान एसडीएम शाहपुर श्री प्रपंज आर., अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
+ There are no comments
Add yours