सिरपुर मॉडल के प्रगतिरत जल संरक्षण के कार्यों का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने किया अवलोकन

Estimated read time 1 min read
  • वर्षा जल के अधिक से अधिक संचयन के लिए किए जा रहे प्रयास

बैतूल। घोड़ाडोंगरी जनपद के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम पंचायत रानीपुर में जल संरक्षण के सिरपुर मॉडल पर बनाए जा रहे प्रगतिरत कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने दोहा आधारित संरचना को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का अधिक संचयन हो सके तथा सिल्ट की समस्या का भी प्रभावी समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने शासकीय भूमि पर व्यवस्थित पौधरोपण कराने तथा निर्मित मंच पर शेड निर्माण कर उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश पंचायत को दिए। उन्होंने यहां निर्मित सोखपिट की संरचना का अवलोकन कर उसकी सराहना की तथा दुर्घटना के कारण हल्का क्षतिग्रस्त हुई संरचना की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।

सीईओ जनपद घोड़ाडोंगरी ने बताया कि इसी पैटर्न पर ग्राम पंचायत डोलाढानी में भी कार्य प्रगतिरत है। उल्लेखनीय है कि वर्षा जल को अधिक से अधिक जमीन में उतारकर भूजल स्तर बढ़ाने एवं सूखे की समस्या कम करने की मंशा से कलेक्टर डॉ. सोनवणे के निर्देशानुसार प्रत्येक जनपद की दो ग्राम पंचायतों में सिरपुर मॉडल पर नालों का गहरीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम शाहपुर श्री प्रपंज आर., अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours