विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर नशा मुक्ति शपथ, रैली, हस्ताक्षर अभियान एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

Estimated read time 1 min read

सारनी। शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के सहयोग से नवोदित महिला एवं बाल विकास समिति द्वारा विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति एवं तम्बाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा सभी ने तम्बाकू एवं अन्य नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रंजीत सिंह डोंगरे (राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन प्रभारी, नगर पालिका परिषद सारणी) ने तम्बाकू सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। संतोष सिंह राजपूत, ब्लॉक समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद घोड़ाडोंगरी एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाता ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विजय मेहता, संगीता उघड़े, जतिन प्रजापति तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएँ एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत नगर में तम्बाकू निषेध जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से आमजन को तम्बाकू एवं नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर विद्यार्थियों एवं नागरिकों से तम्बाकू एवं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में तम्बाकू निषेध के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।

More From Author

+ There are no comments

Add yours