योग से शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक विकास संभव: विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल

Estimated read time 1 min read
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान : विधायक श्री खंडेलवाल
  • मेजर ध्यानचंद हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम
  • स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर जिले भर में नागरिकों ने किया योग 

बैतूल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिलेभर में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से अभिनंदन सरोवर के समीप स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बैतूल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, जन अभियान प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पंवार उपस्थित थे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन, वन मंडल अधिकारी श्री अरिहंत कोचर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी स्कूली विद्यार्थी, पतंजलि, आर्ट ऑफ लिविंग, हार्ट फूलनेस आदि संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1500 से अधिक लोगों ने एक साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। सर्व प्रथम मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत की। आयुष विभाग के डॉक्टरों ने अतिथियों को लक्ष्मी तरु का पौधा भेंट किया। तत्पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने कटिचालन,  ताड़ासन,  वृक्षासन,  पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन पद्रासन,  वज्रासन,  भुजंगासन,  पवनमुक्तासन, शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं नाड़ी शोधन प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास भी कराया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई और आज यह पूरी दुनिया में एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि योग दिवस की शुरुआत के समय 84 देशों ने इसमें भागीदारी की थी, जबकि वर्तमान में दुनिया के लगभग 135 देशों में एक साथ योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक मंच पर नई प्रतिष्ठा दिलाई। योग जो भारत की पहचान रहा है, आज विश्व भर में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रतीक बन गया है।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के अनेक देशों में योग के प्रति लोगों की रुचि और स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने जीवन में अपनाने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

योग भारत की विश्व को अमूल्य देन : मोहन नागर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में योग को वैश्विक स्तर पर अपनाने का आह्वान किया था। उनके इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र संघ ने स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। उन्होंने बताया कि 21 जून उत्तरी गोलार्ध का सबसे लंबा दिन होता है, इसलिए इस तिथि का विशेष महत्व है। उपाध्यक्ष श्री नागर ने कहा कि आज 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है और योग के माध्यम से संपूर्ण विश्व एकता, शांति और मानव कल्याण का संदेश दे रहा है। भारत की संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” की है। इसी सोच को व्यवहारिक रूप देने के लिए हमारे ऋषि-मुनियों ने योग और आयुर्वेद जैसी महान परंपराएं विश्व को प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना के साथ भारत ने विश्व को निरोग और सुखी जीवन का मार्ग दिखाया है। आज भारत योग के क्षेत्र में विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो चुका है और योग के माध्यम से विश्व शांति एवं विश्व बंधुत्व का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंच रहा है। अंत में राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रगान के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का समापन किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

जिला मुख्यालय, विकासखंड मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योग दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में भी योगाभ्यास कराया गया, जिसमें कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, बी.एड., डी.एड. संस्थान, विभिन्न योग संस्थाएं, एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स, पुलिस कर्मी तथा अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिभागी भी योग कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला आयुष अधिकारी श्री प्रदीप चौकीकर के नेतृत्व में आयुष विभाग की टीम ने योगाभ्यास कार्यक्रम के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

More From Author

+ There are no comments

Add yours