- स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं सुपरवाइजरों को दिए निर्देश, नालों से झाड़िया, गाद और गंदगी निकालने के निर्देश, सारनी, पाथाखेड़ा और शोभापुर क्षेत्रों का किया भ्रमण
सारनी। बारिश के दिनों में नालों में आने वाली संभावित बाढ़ को लेकर नगर पालिका प्रशासन अलर्ट हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष व मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सारनी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बाढ़ संभावित नालों का औचक निरीक्षण किया। कई स्थानों पर नाले साफ नहीं दिखाई दिए। तीन दिनों में इन्हें साफ करने के निर्देश स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं सुपरवाइजरों को दिए।
सारनी नगर के विभिन्न वार्डों से कई नाले निकले हुए हैं। बारिश के दिनों में इनमें बाढ़ जैसी स्थिति हो जाती है। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हितेश शाक्य एवं अन्य दल ने सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर, बगडोना क्षेत्र के संवेदनशील नालों का निरीक्षण किया। जहां नालों के चौड़ीकरण एवं स्वच्छता की आवश्यकता थी उन्हें तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने दिए। आवश्यकता अनुसार पोकलेन, जेसीबी आदि की सहायता से सफाई करने के निर्देश दिए। शोभापुर के वार्ड 30 एवं 31 के बीच नाले से फंसी हुई झाड़िया निकालने के निर्देश दिए गए। इसी तरह टट्टा कॉलोनी के नाले को भी साफ करने को कहा गया। पाथाखेड़ा में रेलवे लाइन के किनारे बसे वार्ड 16 के नालों का सर्वे कर इन्हें भी साफ करने के निर्देश दिए गए। वार्ड 14 में स्कूल से निकलने नाले को गहरा करने के लिए कहा गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी हितेश शाक्य ने स्वच्छता सुपरवाइजरों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि सभी 24 घंटे अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें। कहीं भी बाढ़ जैसे हालत होने पर तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को दें। खुद भी ऐसे स्थानों को चिन्हित कर इसकी सफाई कराएं। अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि पूरी टीम पार्षदों के संपर्क में रहकर कार्य करें। आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था बनाने के उन्होंने निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम स्थापित, दल गठित कर दिए निर्देश
नगर पालिका में बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई हैं। इसका दूरभाष क्र. 01746-256407 है। किसी भी घटना की सूचना इस पर दी जा सकती हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शाक्य ने बताया कि बाढ़ आपदा को लेकर दल गठित किया गया है। यह पूरी निगरानी रखेगा। कट्रोल रूम में भी चौबीस घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे।
विभागीय बैठक लेकर दिए निर्देश
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हितेश शाक्य ने आगामी दिनों में बारिश के अलर्ट को लेकर विभागीय बैठक लेकर अधिकारी, कर्मचारियों को निर्देशित किया। विशेषकर स्वास्थ्य शाखा को अलर्ट पर रखा गया। सेनेटरी इंसपेक्टर केके भावसार ने बताया कि पूरी टीम को पूर्व में ही निर्देशित कर नालों की सफाई कराई गई है। जहां जरूरत है वहां सफाई जल्द कर दी जाएगी।
+ There are no comments
Add yours