- पेयजल समस्या के त्वरित समाधान, पीएम आवास में प्रगति और जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को जनपद पंचायत आमला में बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने पेयजल, प्रधानमंत्री आवास, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पेयजल समस्या पर सख्त निर्देश
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में पेयजल संकट है वहां तत्काल आवश्यक कार्य कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां बोरिंग, मोटर या पाइपलाइन के लिए तकनीकी स्वीकृति लंबित है वहां शीघ्र कार्यवाही की जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी पंचायत से पेयजल समस्या की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां शिकायत प्राप्त हो वहां जनपद सीईओ, एसडीओ पीएचई एवं संबंधित उपयंत्री स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान ग्राम नांदपुर में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित उपयंत्री पंचायत को तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आमला नगर की दीर्घकालिक पेयजल व्यवस्था के लिए बेल नदी पर बैराज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा द्वारका नगरीय योजना के अंतर्गत कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जल संरचनाओं के निर्माण में गति लाएं
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी प्रगतिरत जल संरचनाओं को शीघ्र पूर्ण कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दो सप्ताह के भीतर सभी शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
पीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में कम प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी उपयंत्रियों को माह अंत तक लक्ष्य के विरुद्ध न्यूनतम 60 प्रतिशत आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लक्ष्य पूर्ति नहीं होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी देते हुए उन्होंने ब्लॉक कॉर्डिनेटर पीएम आवास एवं जनपद सीईओ आमला को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उपयंत्रियों को भी चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर वेतन आहरण रोका जाएगा।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश, समस्त निर्माण श्रमिकों के पंजीयन के निर्देश
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, एक बगिया मां के नाम योजना तथा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन ग्रामों में वन अधिकार पट्टों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। अनुग्रह सहायता के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने तकनीकी एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं का निराकरण कर लंबित प्रकरण शीघ्र निराकरण के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। साथ ही अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत को जिलेभर में ऐसे प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने संबल पंजीयन में प्रगति लाने तथा निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों का भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए। सांसद निधि, विधायक निधि एवं बस्ती विकास के निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने एनएनसी पंजीयन में गैप नहीं होने, आयरन सुक्रोज एवं एफसीएम मैनेजमेंट में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण के शेष लक्ष्य पूर्ण करने तथा एनसीडी स्क्रीनिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि एनसीडी में 80 प्रतिशत फॉलोअप पूर्ण होने पर ही बीपीएम का वेतन आहरित किया जाए। साथ ही टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे मशीन के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
कृषि, महिला स्व-सहायता समूह एवं शिक्षा विभाग की समीक्षा
कलेक्टर ने ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की जानकारी ली तथा क्षेत्र में एकीकृत कृषि को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग को पीएमएफएमई हितग्राहियों को स्व-सहायता समूह की महिलाओं से जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना के लक्ष्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर आगामी सत्र के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
पशुपालन एवं खाद्य विभाग को भी दिए निर्देश
पशुपालन विभाग की समीक्षा में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने क्षीरधारा योजना एवं वृंदावन ग्राम योजना की नियमित समीक्षा एसडीएम स्तर पर कराने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग को राशन वितरण के लक्ष्य में वृद्धि एवं उपार्जन में परिवहन व्यवस्था में तेजी लाने को कहा। बैठक में एसडीएम श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
+ There are no comments
Add yours