खरीफ सीजन के लिए जिले में यूरिया एवं एन.पी.के. उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण

Estimated read time 0 min read

बैतूल। जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण किया गया है। उप संचालक कृषि श्री राम गोपाल रजक ने बताया कि इस वर्ष जिले में खरीफ फसलों की बोनी का लक्ष्य 4 लाख 56 हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इसमें प्रमुख रूप से 3 लाख हेक्टेयर में मक्का, 95 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन, 44 हजार हेक्टेयर में धान, 6 हजार हेक्टेयर में अरहर तथा शेष क्षेत्र में अन्य फसलें बोई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर इस वर्ष किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में जिले में कुल 52 हजार 120 मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण किया गया है, जिसमें से 34 हजार 331 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है तथा 17 हजार 789 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। इसी प्रकार जिले में एन.पी.के. उर्वरक का कुल 11 हजार 519 मीट्रिक टन भंडारण किया गया है। इसमें से 5 हजार 524 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है तथा 5 हजार 995 मीट्रिक टन एन.पी.के. शेष है। उप संचालक कृषि ने बताया कि डी.ए.पी. उर्वरक का कुल 7 हजार 956 मीट्रिक टन भंडारण किया गया, जिसमें से 7 हजार 293 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में 663 मीट्रिक टन डी.ए.पी. उपलब्ध है। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि बोनी के दौरान आधार खाद के रूप में एन.पी.के. उर्वरकों का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे फसलों को संतुलित पोषण प्राप्त हो सके और उत्पादन में वृद्धि हो।

More From Author

+ There are no comments

Add yours