अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के कलेक्टर डॉ सोनवणे ने दिए निर्देश

Estimated read time 1 min read
  • कलेक्टर डॉ सोनवणे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति एवं एनकार्ड समिति की बैठक

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति एवं एनकार्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम तथा नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध माइनिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन के मामलों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खनिज निरीक्षकों को फील्ड में सक्रिय रहकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में खनिज एवं पुलिस विभाग के समन्वय से नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नशा मुक्ति के लिए चलाए जनजागृति अभियान

इसके पश्चात आयोजित एनकार्ड समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग को नशा मुक्ति के संबंध में सेमिनार, निबंध प्रतियोगिता तथा जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। खेल विभाग को भी युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि विद्यालय परिसरों से निर्धारित दूरी के भीतर पान गुमटियों के संचालन पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours