- यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टाफ बढ़ाने और व्यापारियों के लिए आधुनिक गोडाउन निर्माण का दिया सुझाव
- अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
भोपाल। भोपाल के सांसद श्री आलोक शर्मा ने बुधवार को हुजूर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा के साथ संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी उज्जैन सिंहस्थ के दौरान संभावित यात्री भार को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के विकास की व्यापक, आधुनिक एवं दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार की जाए।
सांसद श्री आलोक शर्मा ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विश्वस्तरीय धार्मिक आयोजन के दौरान संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसे देखते हुए यात्री प्रतीक्षालय का विस्तार, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए पर्याप्त लिफ्ट सुविधा, रिजर्वेशन काउंटरों की संख्या में वृद्धि तथा रेलवे स्टाफ की कमी को शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों को लेकर वे केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक स्वीकृतियां एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर लगभग 30 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 7 करोड़ रुपये के अन्य निर्माण कार्य भी विभिन्न चरणों में संचालित किए जा रहे हैं।
सांसद श्री शर्मा ने स्टेशन की व्यापारिक उपयोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि संत हिरदाराम नगर प्रदेश का प्रमुख कपड़ा एवं बर्तन व्यापार केंद्र है, जहां प्रतिदिन सूरत, बड़ौदा एवं मुंबई से बड़ी मात्रा में माल पहुंचता है। व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर के बाहर उपलब्ध अतिरिक्त भूमि पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से आधुनिक गोडाउन विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में व्यापारिक संगठनों ने उन्हें ज्ञापन भी सौंपा है तथा व्यापारी इस परियोजना के लिए पूर्ण सहयोग देने को तैयार हैं।
हुजूर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं और अब यह स्टेशन जंक्शन के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का निरंतर विस्तार, भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था तथा स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर स्वच्छता की नियमित और सघन निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेंद्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी प्रबंधक श्री कृष्ण कुमार निगम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राम बंसल सहित भाजपा पदाधिकारी एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
+ There are no comments
Add yours