- तांत्रिक बोला था- तुम्हारी बहन पर तंत्र-मंत्र किया है; 2 भाइयों ने घेरकर मारा, पुल से फेंका
बैतूल। जिले में जादू-टोने के शक में 2 भाइयों ने एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। शव पुल से नीचे फेंककर भाग गए। तांत्रिक ने दोनों भाइयों से कहा था कि बुजुर्ग ने उनकी बहन पर काला जादू किया है, इसलिए वह ठीक नहीं हो रही। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। आठनेर पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पांडुरन्ना निवासी बंसीलाल नागले के रूप में हुई। तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली ने दोनों भाइयों का ब्रेनवॉश कर अंधविश्वास में उलझाया। इसके बाद मुख्य आरोपी विनोद नागले और उसके चचेरे भाई रवि नागले ने मिलकर बुजुर्ग को मार डाला।
नदी की पुलिया के नीचे मिला था बुजुर्ग का शव
पुलिस के अनुसार, 30 जून को डायल-112 से सूचना मिली कि ग्राम मांडवी में नदी की पुलिया के नीचे एक बुजुर्ग का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही आठनेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के बेटे पंजाबराव नागले की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
FSL जांच और CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की जांच की। पास के कन्या विद्यालय के फुटेज में घटना के समय विनोद नागले और उसका चचेरा भाई रवि नागले घटनास्थल की ओर जाते दिखाई दिए।
तांत्रिक ने कहा था- बहन पर जादू-टोना किया गया
पुलिस ने शक के आधार पर विनोद नागले और उसके चचेरे भाई रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से बीमार थी। परिवार ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ।
बीमारी का कारण समझ नहीं आने पर दोनों भाई गांव के कथित तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली के पास पहुंचे। तांत्रिक ने कहा कि उनकी बहन पर गांव के बुजुर्ग बंसीलाल नागले ने जादू-टोना किया है, इसलिए वह ठीक नहीं हो रही है।
अंधविश्वास ने 2 भाइयों को बनाया अपराधी
पुलिस के मुताबिक, तांत्रिक की बात पर दोनों भाइयों ने आंख मूंदकर विश्वास कर लिया। वे बंसीलाल को बहन की बीमारी का जिम्मेदार मानने लगे। दोनों ने उनके खिलाफ रंजिश पाल ली और बुजुर्ग को सबक सिखाने का फैसला किया। यही रंजिश बाद में हत्या की साजिश में बदल गई।
बाजार से लौटते समय घेरा, बेरहमी से पीटा
जांच अधिकारी मांगीलाल ठाकरे के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपियों और बुजुर्ग के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद बंसीलाल साप्ताहिक बाजार गए। लौटते समय आरोपियों ने सुनसान स्थान पर उन्हें घेर लिया। दोनों ने बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की। अधमरी हालत में उन्हें उठाकर नदी की पुलिया के नीचे ले गए। वहां भी दो-तीन वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन बाद में गिरफ्तार कर लिए गए।
2 आरोपी और कथित तांत्रिक गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के आरोप में विनोद नागले, रवि नागले और कथित तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात अंधविश्वास के कारण हुई।
+ There are no comments
Add yours