- सीएम 25 जुलाई को भोपाल में टोटल लॉकडाउन के दिन कोरोना पॉजिटिव आए थे
- यहां चिरायु अस्पताल में भर्ती थे, तीसरी बार लिया गया कोरोना सैंपल निगेटिव आया
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की आज अस्पताल से छुट्टी हो गई है। बुधवार को 12वें तीसरी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। सुबह उनके सभी टेस्ट सामान्य आए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने अस्पताल द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन को ट्वीट करके दी। इससे पहले शिवराज का अस्पताल में भर्ती होने के बाद दो बार कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा- मैंने भी गलती की
शिवराज ने कहा कि कोरोना योद्धा को मेरा प्रणाम, मैं सभी मेडिकल स्टाफ को ह्रदय से धन्यवाद देता हूं, कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, हमें लापरवाही नहीं करनी है। लापरवाही करने पर ये बीमारी जानलेवा हो जाती है। कोरोना से किसी को घबराना नहीं है। लक्षणों को छिपाना जानलेवा होता है। चिंता न करें, मस्त रहें। आनंद से बीमारी का मुकाबला करें। चेहरे पर मास्क लगाना जरूर लगाएं। उचित दूरी बनाए रखें। लापरवाही करने पर दिक्कत होती है। हमने भी लापरवाही की। मैं खुद कोरोना योद्धा बन गया हूं। कोरोना खत्म करने के लिए सहयोग करें। हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे हमारा संकल्प है। कोरोना से प्रदेश जीतेगा, देश जीतेगा।
राम मंदिर को लेकर कहा- मोदीजी ने संकल्पशक्ति का परिचय दिया
शिवराज ने राम मंदिर के भूमि पूजन को लेकर भी बयान दिया। कहा- 500 साल पहले जो महायज्ञ शुरू हुआ, उसकी पूर्णाहुति आज होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखेंगे। मोदीजी ने दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्पशक्ति का परिचय दिया है। सारा देश उनका अभिनंदन करता है।
रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी
शिवराज 25 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चिरायु अस्पताल में भर्ती हो गए थे। वे अस्पताल से ही मंत्रालय का काम करते रहे। इस दौरान कोरोना की समीक्षा से लेकर अन्य विभागों के अधिकारियों और मंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे। रविवार सुबह उनका सैंपल आरटी-पीसीआर लिया गया था, जो पॉजिटिव आया था।
सीएम ने अस्पताल से ही राखी की शुभकामनाएं दीं थी
शिवराज ने कहा कि 3 अगस्त को अस्पताल से ही प्रदेश की सब बहनों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा था कि मेरी सभी बहनें प्रसन्न और सुखी रहें। आपका भाई मां, बहन और बेटियों के सशक्तिकरण का काम पूरी ताकत से करता रहेगा। रक्षाबंधन, भाई और बहनों के बीच स्नेह का बंधन है। भाई अपनी बहनों की रक्षा करे, बहनों का आशीष भी भाइयों को मिले, लेकिन इस समय कोरोना से सुरक्षा सबसे जरूरी है। इसलिए रक्षाबंधन का त्यौहार पूरी सावधानी से मनाएं। ऐसा न हो कि रक्षा का बंधन असावधानी के कारण कोरोना संक्रमण को ले आए।
+ There are no comments
Add yours