मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एक लाख से अधिक हितग्राहियों को वितरित किया हितलाभ

Estimated read time 1 min read
  • बैतूल नगरीय निकाय के साढ़े तीन सौ से अधिक हितग्राही लाभान्वित

बैतूल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 1 लाख से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ वितरण एवं संवाद किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम में 50 हजार आवासों का गृह प्रवेश एवं 30 हजार नवीन आवासों का भूमिपूजन सिंगल क्लिक के माध्यम से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज का दिन अद्भुत है उनके लिए जिनका मकान बनकर तैयार है। गरीब से गरीब भाई-बहन की जिंदगी में ये इच्छा होती है कि उसका अपना पक्का मकान जरूर हो। आज एक लाख 6 हजार से अधिक भाई-बहनों का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए तय किया है हम आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे। मध्यप्रदेश की धरती पर किसी गरीब को पक्के मकान के बिना नहीं रहने देंगे, सभी के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। जिनको आज आवास नहीं मिल रहे हैं, वे चिंतित ना हों। ऐसे कार्यक्रम आगे होते रहेंगे। सबको बारी-बारी से आवास मिलते रहेंगे।
सरकार की मंशा हर गरीब को पक्का मकान मिले- सांसद श्री डीडी उइके
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। जिला मुख्यालय पर नगर पालिका परिसर में इस वर्चुअल कार्यक्रम का सांसद श्री डीडी उइके, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अक्षत बुंदेला सहित हितग्राहियों द्वारा अवलोकन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री उइके ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर गरीब को पक्का मिले और इस दिशा में निरंतर कार्य भी किया जा रहा है। जिन हितग्राहियों ने गृह प्रवेश किया है, उनके लिए मंगलकामनाएं एवं जिन हितग्राहियों को आवास स्वीकृत हुए हैं उनके लिए भी शुभकामनाएं।
इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री अक्षत बुंदेला ने बताया कि बैतूल नगरीय निकाय अंतर्गत 98 हितग्राहियों के नवीन आवास निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। 263 हितग्राहियों के आवास पूर्ण होने पर गृह प्रवेश करवाया गया एवं 27 हितग्राही द्वितीय किश्त से (एक लाख रुपये प्रति हितग्राही) लाभान्वित हुए। उन्होंने बताया कि बैतूल नगरीय निकाय अंतर्गत वर्तमान में 2556 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 1903 आवास पूर्ण निर्मित हैं, जिसमें हितग्राही निवासरत हैं। शेष 508 आवासों का कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत नगरीय निकाय में स्वीकृत आवासीय इकाइयों को कुल 57 करोड़ रुपए राशि वितरित की जा चुकी है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours