प्रभारी सीएमओ ऋषिकांत यादव पर कार्रवाई हेतु कलेक्टर से मिला भाजपा पार्षद दल

Estimated read time 1 min read

बैतूल। घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में कलेक्टर द्वारा पूर्व में करवाई गई जांच में भ्रष्टाचार अनियमिता और लापरवाही दोषी पाए गए प्रभारी सीएमओ ऋषिकांत यादव अब सीएम हेल्पलाइन पर फर्जी शिकायतें कराने के मामले में भी घिर गए हैं। इस मामले को लेकर भाजपा पार्षद दल ने मंगलवार की शाम कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के साथ कलेक्टर को फर्जी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के प्रमाण भी सौपे गए। भाजपा पार्षद दल के साथ कलेक्टर से मिलने पहुंचे भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश मंत्री दीपक उइके ने कलेक्टर को बताया कि प्रभारी सीएमओ ऋषिकांत यादव नगर परिषद में कोटेशन पर मनमानी खरीदी, नियम विरुद्ध निर्णय लेने और सीएम हेल्पलाइन पर फर्जी शिकायतें दर्ज कराने जैसी गंभीर अनियमिताएं कर रहे हैं। कलेक्टर ने भाजपा पार्षदों के ज्ञापन को टीएल में दर्ज करने का निर्देश देते हुए एक सप्ताह में जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश पीओ डूडा को दिए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा पार्षद श्रीमती नेहा दीपक उइके, सुरेंद्र सोनू चौहान, मुकेश मेश्राम, राकेश नानकर, श्रीमती अंजू राकेश मालवीय, श्रीमती नीतू सोनी, श्रीमती सविता पठारिया आदि पार्षद शामिल हैं।

150 से अधिक फर्जी सीएम हेल्पलाइन शिकायतें, अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग

भाजपा पार्षद श्रीमती नेहा उइके और सुरेंद्र सोनू चौहान ने कलेक्टर को अवगत कराया की घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में पिछले 8-10 माह में प्रभारी सीएमओ ऋषिकांत यादव के दबाव में परिषद में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी और मस्टर कर्मचारी द्वारा 150 से अधिक फर्जी शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह करते हुए कहा कि यह मामला सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन तो है ही साथ ही शासन और जनता से धोखाधड़ी भी है। इसलिए इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ भारतीय दंड विधान की धारा 420 के तहत आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने भाजपा पार्षद दल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर एक महीने पहले भी भेज चुके है कार्यवाही का प्रस्ताव

नगर परिषद के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों द्वारा की गई शिकायत की जांच में दोषी पाए जाने पर प्रभारी सीएमओ ऋषिकांत यादव के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने का प्रस्ताव कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा एक माह पूर्व 16 अप्रैल को ही नगरीय प्रशासन आयुक्त को भेजा जा चुका है। लेकिन इस मामले में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। भाजपा पार्षदों में कलेक्टर का ध्यान इस प्रस्ताव की ओर भी आकर्षित कराया। कलेक्टर ने शीघ्र ही इस मामले में नगरीय प्रशासन आयुक्त से चर्चा करने की बात कही है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours