बैतूल। बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना गोरेगांव-नादरा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर से हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भादूगांव निवासी सुरेश पांसे (45) अपनी बाइक से भैंसदेही खाद लेने जा रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव निवासी राहुल पाल (22) और कार्तिक तंडीलकर (22) नादरा की ओर जा रहे थे।
गोरेगांव-नादरा रोड पर दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश पांसे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। राहुल पाल और कार्तिक तंडीलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय बैतूल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गोरेगांव-नादरा मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत, खाद लेने जा रहे व्यक्ति ने मौके पर दम तोड़ा, दो युवक गंभीर घायल
+ There are no comments
Add yours